तस्करी की साजिश नाकाम: बाइक सवार से बड़ी खेप जब्त
शराबबंदी वाले बिहार में अवैध कारोबारियों के मंसूबों पर चक्की थाना पुलिस ने एक बार फिर पानी फेर दिया है। गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में शराब के साथ धर दबोचा। यह कार्रवाई ग्राम भोला डेरा से खरहाटार जाने वाली सड़क पर पीपल के पेड़ के समीप की गई, जहां आरोपी बाइक से शराब की खेप ले जा रहा था।

केटी न्यूज/चक्की:
शराबबंदी वाले बिहार में अवैध कारोबारियों के मंसूबों पर चक्की थाना पुलिस ने एक बार फिर पानी फेर दिया है। गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में शराब के साथ धर दबोचा। यह कार्रवाई ग्राम भोला डेरा से खरहाटार जाने वाली सड़क पर पीपल के पेड़ के समीप की गई, जहां आरोपी बाइक से शराब की खेप ले जा रहा था।पुलिस के हत्थे चढ़ा युवक राकेश कुमार श्रीवास्तव बताया जा रहा है, जो बक्सर जिले के सहियार गांव का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 34.92 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसे अलग-अलग ब्रांड के छोटे पैकेटों में रखा गया था। बरामद सामग्री में 180 एमएल के एट पीएम के 98 पीस, एट पीएम गोल्ड के 48 पीस और 200 एमएल के बंटी बबली के 45 पीस शामिल हैं।

साथ ही पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जिसका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।थानाध्यक्ष अजय कुमार के अनुसार, आरोपी शराब की इस खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की फिराक में था। हालांकि, समय रहते पुलिस ने जाल बिछाकर उसकी योजना को विफल कर दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, जिससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

