टायर-ट्यूब के आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, शराब लदी कंटेनर जब्त, दो गिरफ्तार
बक्सर में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार की शाम वीर कुंवर सिंह सेतु पर विशेष जांच के दौरान एक ट्रक से करीब 22 लाख रुपये मूल्य की 1800 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान पुलिस ने ट्रक चालक और सहचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

__ जालंधर से गुवाहाटी जा रहे ट्रक में 1800 लीटर विदेशी शराब बरामद, पटना में सप्लाई की थी योजना
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार की शाम वीर कुंवर सिंह सेतु पर विशेष जांच के दौरान एक ट्रक से करीब 22 लाख रुपये मूल्य की 1800 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान पुलिस ने ट्रक चालक और सहचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के अनुसार, विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर चेक पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम ने पुल पर सघन जांच शुरू की। इसी क्रम में संदिग्ध ट्रक (एचपी 24 एफ 0242) को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान जो खुलासा हुआ, वह चौंकाने वाला था। ट्रक में ऊपर से टायर, ट्यूब और बेडशीट लोड थे, लेकिन इनके नीचे बेहद चालाकी से विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। जांच में 750 मिलीलीटर की 150 पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की (करीब 1350 लीटर) और 50 पेटी मैकडॉवेल व्हिस्की (करीब 450 लीटर) बरामद की गई। इस तरह कुल 1800 लीटर शराब जब्त की गई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के महेंद्र सिंह (38 वर्ष) और राजेश कुमार (41 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि ट्रक में लदा अन्य सामान गुवाहाटी पहुंचाना था, जबकि छिपाई गई शराब को पटना में उतारने की योजना थी।

उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही ट्रक और बरामद शराब को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

