पत्नी से कहासुनी के बाद टॉवर पर चढ़ा युवक, घंटेभर चला हाई ड्रामा

इटाढ़ी थाना क्षेत्र के पसहरा गांव में रविवार को घरेलू विवाद के बाद एक युवक के हाई वोल्टेज बिजली टॉवर पर चढ़ जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब 200 फीट ऊंचे टॉवर पर युवक को चढ़ता देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम सक्रिय हुई तथा सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक गांव में हाई ड्रामा चलता रहा।

पत्नी से कहासुनी के बाद टॉवर पर चढ़ा युवक, घंटेभर चला हाई ड्रामा

__ पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, बिजली आपूर्ति बंद कर युवक को सुरक्षित उतारा गया 

केटी न्यूज/बक्सर :

इटाढ़ी थाना क्षेत्र के पसहरा गांव में रविवार को घरेलू विवाद के बाद एक युवक के हाई वोल्टेज बिजली टॉवर पर चढ़ जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब 200 फीट ऊंचे टॉवर पर युवक को चढ़ता देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम सक्रिय हुई तथा सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक गांव में हाई ड्रामा चलता रहा।मिली जानकारी के अनुसार पासहरा गांव निवासी सूरज नट का अपनी पत्नी से पैसों को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद गुस्से में आकर वह घर से निकल गया और गांव के समीप स्थित हाई वोल्टेज बिजली टॉवर पर चढ़ने लगा।

देखते ही देखते वह टॉवर की ऊंचाई पर पहुंच गया। युवक को इतनी ऊंचाई पर चढ़ा देख गांव वालों के होश उड़ गए और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक टॉवर के शीर्ष के पास पहुंचकर दोनों हाथ फैलाकर खड़ा हो गया, जिससे नीचे खड़े लोगों में दहशत फैल गई। लोगों को आशंका थी कि यदि जरा सी भी चूक हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना तत्काल इटाढ़ी थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग से संपर्क किया। अधिकारियों के निर्देश पर टॉवर से गुजर रही लगभग 200 केवी हाई वोल्टेज लाइन की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कराई गई।

समय रहते बिजली काटे जाने से संभावित करंट हादसे का खतरा टल गया।इसके बाद पुलिस ने माइकिंग के जरिए युवक को लगातार समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने उसे परिवार, पत्नी और दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए शांत कराया। काफी देर तक समझाने-बुझाने और परिजनों के मनाने के बाद युवक का गुस्सा शांत हुआ। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वह धीरे-धीरे नीचे उतर आया।युवक के सुरक्षित नीचे आते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

इसके बाद पुलिस ने युवक को अपने संरक्षण में लेकर समझाइश दी और परिजनों को सौंप दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू विवाद के कारण इस तरह जान जोखिम में डालना बेहद खतरनाक कदम है। ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता और पुलिस की सूझबूझ की सराहना की, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या तनाव की स्थिति में ऐसा कदम उठाने के बजाय कानून व्यवस्था और परिवार के वरिष्ठ लोगों की मदद लें, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।