बिस्मिल्लाह खां महोत्सव की तैयारी पूरी, एसडीएम ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

बिस्मिल्लाह खां महोत्सव की तैयारी पूरी, एसडीएम ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

- भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खां की जयंति पर मनाया जा रहा है  महोत्सव 

केटी न्यूज/डुमरांव

भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की जयंति को बिस्मिल्लाह खां महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। पूर्व संध्या पर इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बुधवार की शाम उस्ताद की याद में राज हाई स्कूल के खेल मैदान में शूरो की सरिता बहेगी। मंगलवार को एसडीएम कुमार पंकज समेत कई अन्य अधिकारियों ने राज हाई स्कूल के खेल मैदान का जायजा ले तैयारी को परखा। अनुमंडल प्रशासन इस आयोजन को खास बनाने जा रहा है।

उनके जयंति को जिला प्रशासन ने डुमरांव सह बिस्मिल्लाह खां महोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस महोत्सव में विश्व विख्यात शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के परिजनों के अलावे देश के नामी गिरामी कलाकार व संगीत घराने शामिल होंगे। सारा आयोजन जिला प्रशासन की तरफ से करवाया जा रहा है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए चार दिन पहले से ही राज हाई स्कूल के खेल मैदान में मंच निर्माण शुरू हो गया है। इस मैदान को दुल्हन की तरह सजाया गया है। डुमरांव एसडीएम कुमार पंकज ने बताया कि  तैयारी पूरी हो गई है। एसडीएम ने बताया कि संध्या 4 से 6 बजे तक स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि 6 से साढ़े छह बजे तक महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन एवं भाषण का होगा।

वही शाम साढ़े छह बजे से 9.30 बजे तक मुख्य समारोह होगा। एसडीएम ने कहा कि इस तरह के आयोजन से स्थानीय कलाकारों को अपने फन का जौहर दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच मिलेगा। जो उनके भविष्य के लिए वरदान साबित होगा। इस समारोह में मगध संगीत डांस ग्रुप, नबेंदु भट्टाचार्य ग़ज़ल, बिस्मिलाह खां के परिवार के सदस्यों का प्रदर्शन, बच्चा नसीम कौसर की कव्वाली एवं वालीवुड के गायक अल्ताफ राजा अपनी प्रस्तुति देंगे।