अंबेडकर जयंती पर प्रतिभा सम्मान समारोह, शिक्षा-संगठन-से बहुजन सेना ने सशक्त समाज का आह्वान

नगर भवन बक्सर में मंगलवार की शाम बीएस-4 (बहुजन सेना) के तत्वावधान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती सह प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार शामिल हुए। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

अंबेडकर जयंती पर प्रतिभा सम्मान समारोह, शिक्षा-संगठन-से बहुजन सेना ने सशक्त समाज का आह्वान

- बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने युवाओं को नशा व अंधविश्वास से दूर रहने की दी सलाह

केटी न्यूज/बक्सर

नगर भवन बक्सर में मंगलवार की शाम बीएस-4 (बहुजन सेना) के तत्वावधान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती सह प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार शामिल हुए। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व अनिल कुमार ने राजपुर प्रखंड के जमौली, इटाढ़ी के कुकुढ़ा तथा बक्सर के सोघीला गांव में बाबा साहेब की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने राजपुर प्रखंड मुख्यालय एवं बक्सर के अंबेडकर चौक पर स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह को संबोधित करते हुए अनिल कुमार ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने “शिक्षित बनो, संगठित हो, संघर्ष करो” के मूल मंत्र को दोहराते हुए कहा कि बहुजन समाज को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा और एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने कहा कि आज भी समाज का एक बड़ा वर्ग शिक्षा और संसाधनों से वंचित है, जिसे मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इसके लिए सरकार के साथ-साथ समाज के जागरूक लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस अवसर पर प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। युवाओं से उन्होंने अपील की कि वे नशे और अंधविश्वास से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें।

कार्यक्रम में सामाजिक एकता, भाईचारा और आपसी सम्मान को मजबूत समाज की नींव बताया गया। अंत में बहुजन समाज के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया गया तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया। इस मौके पर संजय मंडल, अभिमन्यु कुशवाहा, सुभाष गौतम, जेपी यादव, कमलेश राव, रमेश राजभर, शिवबहादुर पटेल, अनिल कुशवाहा, मुकेश पासवान, पप्पू पटेल, अनिल गौतम, अयोध्या राम, नंद प्रकाश, मन्नी यादव, सरोज साधु सहित हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।