दियरांचल के विकास व गंगा के कटाव को रोकने के लिए मुख्यमंत्री से मिले भाजपा नेता प्रदीप राय
बक्सर के कद्दावर भाजपा नेता व व्यवसायी प्रदीप राय ने प्रगति यात्रा के तहत बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिल दियरांचल के विकास व गंगा में कटाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि दियारा इलाका वर्षों से उपेक्षित रहा है।

केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर के कद्दावर भाजपा नेता व व्यवसायी प्रदीप राय ने प्रगति यात्रा के तहत बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिल दियरांचल के विकास व गंगा में कटाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि दियारा इलाका वर्षों से उपेक्षित रहा है। इसके समुचित विकास की ओर किसी ने अबतक ध्यान नहीं दिया है। खासकर यहां की मिट्टी रत्नगर्भा व उपजाउ है, लेकिन किसानों को सिंचाईं से लेकर कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिससे उनकी खेती पिछड़ रही है।
वहीं, भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बर्ष बाढ़ आने के बाद गंगा का रूख बदला है, जिस कारण बिहार की तरफ तेजी से कटाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि सिमरी प्रखंड के कई गांवों के अलावे ब्रह्मपुर प्रखंड के नैनीजोर प्रबोधपुर में कटाव काफी तेज हो गया है। जिस कारण किसानों का सैकड़ो एकड़ खेत गंगा में विलीन हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि अभी भी कटाव जारी है। इसका स्थायी समाधान निकलना चाहिए।
वहीं, उन्होंने जनेश्वर मिश्र सेतु के लिंक पथ का मुद्दा भी उठाया और कहा कि जनेश्वर मिश्र सेतु से बलिया का दियरांचल से सीधा संपर्क हुआ है। जिससे व्यापार भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र सेतु से गंगौली नियाजीपुर होते भोजपुुर चौक तक सड़क का चौड़ीकरण जरूरी है। परिसदन में मुख्यमंत्री से मिलने के बाद भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके बातों को काफी ध्यान से सुना तथा इसे पूरा करने का आश्वासन दिया है।
वहीं, वे मुख्यमंत्री के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा से भी मिल उनसे भी दियारा क्षेत्र में विकास योजनाओं को तेज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने दियारा क्षेत्र में विकास के साथ रोजगार सृजन का आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा कि दियारा क्षेत्र का विकास उनका एकमात्र लक्ष्य है। इसके साथ दियरांचल में स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ कराया जाएगा।
भाजपा नेता प्रदीप राय ने कहा कि डबल इंजन की मोदी सरकार की जन जन की आंकाक्षाओं को पूरी करने वाली इस यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दिया। राज्य सरकार बिहार की प्रगति के लिए तथा बिहार के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए संकल्पित है। राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति देखने के लिए तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से प्रदेश में ‘प्रगति यात्रा’ की शुरूआत की गई है।