हाथों की मेहंदी सूखी नहीं कि दहेज की बलिवेदी पर चढ़ गई नवविवाहिता

हाथों की मेहंदी सूखी नहीं कि दहेज की बलिवेदी पर चढ़ गई नवविवाहिता
मृतका की फाईल फोटो

दहेज में वाशिंग मशीन व सोफा नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने गला दबा कर दी है कुसुम की हत्या

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के निमेज गांव की है घटना

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

ब्रह्मपुर के निमेज में दहेज दानवों ने हाथों की मेहंदी सूखने के पहले ही एक नवविवाहिता की गला घोंट हत्या कर दी है। उसका कसूर बस इतना था कि उसके मायके वालों ने दहेज में एक अदद वाशिंग मशीन व सोफा सेट नहीं दिया था। घटना रविवार रात की है। घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए है। मायको वालों की सूचना पर पुलिस उसकी सास को हिरासत में ले पूछताछ कर रही है। वही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इधर मृतका के शव को कब्जे में ले पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। इस लोमहर्षक घटना की चर्चा पूरे दिन निमेज तथा उसके आस पास के गांवों में होते रही। पुलिस ने भी प्रथम दृष्टया यह माना है कि गला दबाकर हत्या की गई है। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद से ही मायके वालों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दहेज में वाशिंग मशीन व सोफा सेट के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। मायके वालों की मानें तो रविवार की रात किसी पड़ोसी ने फोन कर बताया कि आपकी बेटी की हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर हमलोग रात में ही पहुंचे तो देखे कि बेटी अपने ससुराल वाले घर में मृत पड़ी है। उसके गले पर निशान भी है। जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की बात समझ में आ रही है। जबकि इस घटना को अंजाम देने के बाद रात में ही ससुराल वाले भाग गए है। 

 साढ़े तीन महीना पहले हुई थी शादी

मिली जानकारी के अनुसार कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव निवासी सुरेन्द्र प्रसाद की 19 वर्षीय बेटी कुसुम की शादी ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के निमेज गांव निवासी वशिष्ठ प्रजापति के पुत्र शक्ति प्रसाद के साथ 28 फरवरी 2023 को हुई थी। मृतका के पिता की मानें तो शादी के समय अपने सामर्थ्य के अनुरूप दान दहेज दिया था। सिर्फ एक वाशिंग मशीन व सोफा सेट की कमी रह गई थी। शादी के बाद से ही इन दोनों सामानों के लिए ससुराल में कुसुम को प्रताड़ित किया जा रहा था और मारपीट भी हो रही थी। कई बार इसके लिए पंचायती भी हुआ। लेकिन रविवार की रात ससुराल वालों ने गला दबा उसकी नृशंस हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद रात में ही ब्रह्मपुर पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई। लेकिन आरोपी फरार हो गए थे। 

कहते है थानाध्यक्ष

इस संबंध में ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष बैजनाथ चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना पर मामले की जांच की गई। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।