हर्ष फायरिंग के दौरान सीआरपीएफ जवान के बेटे की हत्या में तीसरा वांटेड गिरफ्तार

हर्ष फायरिंग के दौरान सीआरपीएफ जवान के बेटे की हत्या में तीसरा वांटेड गिरफ्तार

चांदी थाना क्षेत्र के भदवर गांव से गुरुवार की रात पकड़ा गया आरोपित 

चौथे आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी

एक मई की रात नाच देखने के दौरान हुआ था वारदात 

केटी न्यूज/आरा

जिले के चांदी थाना क्षेत्र के भदवर गांव में तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान सीआरपीएफ जवान के बेटे की हत्या में तीसरा वांटेड आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह उसी गांव का रहने वाला धनेश्वर सिंह का पुत्र विजय सिंह है। उसे गुरुवार की रात भदवर गांव से गिरफ्तार किया गया है। वह हत्याकांड का नामजद आरोपित है। इस मामले में पुलिस ने पहले ही कृष्ण कुमार उर्फ करिया सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

गिरफ्तारी के संबंध में शुक्रवार को एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि एक मई की रात भदवर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के बेटे गुड्डू कुमार का तिलक आया था। इस दौरान लोगों के मनाेरंजन के लिए डांस प्रोग्राम आयोजित किया गया था। जिसमें हर्ष फायरिंग भी की जा रही थी। उसी दौरान भदवर गांव के सीआरपीएफ जवान आनंद कुमार के बेटे

आर्यन कुमार के गर्दन में गोली लग गयी थी, जिससे उसकी मौत हो गयी थी। उसे लेकर गांव के कृष्ण कुमार उर्फ करिया और विजय सिंह के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। दो अन्य अज्ञात को भी आरोपित बनाया गया था। उसके बाद आरोपितों की गिरफ्तारी को एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की जा रही थी।

टीम ने घटना के कुछ दिन के बाद ही कृष्ण कुमार उर्फ करिया और लव कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही थी। उसी क्रम में गुरुवार की रात तीसरा आरोपित विजय सिंह भी गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, घटना में चौथे आरोपित की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।