जमीन विवाद में रणक्षेत्र बना चक्की चुन्नी डेरा गांव, गोलीबारी में सात जख्मी, असलहे व खोखा बरामद

जमीन विवाद में रणक्षेत्र बना चक्की चुन्नी डेरा गांव, गोलीबारी में सात जख्मी, असलहे व खोखा बरामद

 दर्जनों राउंड फायरिंग से गांव में मची अफरा तफरी, 25 वर्षों से चल रहा है विवाद

केटी न्यूज/चक्की

स्थानीय ओपी क्षेत्र के चक्की चुन्नी डेरा गांव में जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पहले तो लाठी डंडे व भाला से दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमला करने लगे, देखते ही देखते दोनों तरफ से बंदूकें भी तन गई तथा फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग होते ही भगदड़ मच गई। ग्रामीण सूत्रों की मानें तो करीब 20-25 राउंड फायरिंग हुई है।

जिसमें दोनों पक्षों के कुल सात लोग जख्मी हुए है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों के घर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान एक घर से तीन असलहे, कारतूस व खोखा बरामद हुए है। इसके बाद पुलिस इस मामले में बेहद सख्त कार्रवाई के मूड में है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच पड़ताल में जुट गए है।

मिली जानकारी के अनुसार चुन्नी डेरा के सत्येन्द्र सिंह व सुगन सिंह के परिवार के बीच 25 वर्षों से एक भू-खंड पर विवाद चल रहा था। इस दौरान कई बार दोनों पक्ष आमने सामने हुए थे। मामला शनिवासरीय जनता दरबार भी पहुंचा था। लेकिन विवाद कम नहीं हुआ। सोमवार को एक पक्ष के लोग उस भू-खंड की जुताई करने पहुंच गए। इस दौरान दूसरा पक्ष वहां जाकर विरोध करने लगा। इसी बात पर पहले लाठी-डंडे तथा बाद मंे फायरिंग शुरू हो गई। 

सदर अस्पताल में चल रहा है एक पक्ष के घायलों का इलाज

मिली जानकारी के अनुसार एक पक्ष के घायल सत्यनारायण सिंह, कमलेश सिंह, अर्जुन सिंह व मुकेश सिंह को चक्की पीएचसी से प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है, सभी को गोली लगी है। किसी के पैर में तो किसी के जांघ में गोली लगने की बात सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने कही है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। घायल मुकेश कुमार ने कहा कि उनलोगों ने पहले पुलिस को सूचना दी थी,

लेकिन पुलिस समय से नहीं पहुंची। वही, दूसरे पक्ष के तीन लोग भी जख्मी हुए है। जिनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। वही समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराया गया था। इस घटना के बाद गांव मंे तनाव कायम है। लेकिन, पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रित है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही मारपीट व फायरिंग की घटना में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। 

कहते है चिकित्सक

चक्की पीएचसी से रेफर होकर चार जख्मी आए है। सभी को गोली लगी है। उनका बेहतर इलाज किया जा रहा है। सभी खतरें से बाहर है। - डॉ. संजय सिंह, डीएस, सदर अस्पताल बक्सर

कहते है डीएसपी

चक्की चुन्नी डेरा में मारपीट व फायरिंग की जानकारी मिलते ही वहां पहुंच मामले की जांच की गई। यह घटना जमीन विवाद से जुड़ा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। जल्दी ही प्रेस वार्ता आयोजित कर इस मामले में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। - अफाक अख्तर अंसारी, डीएसपी, डुमरांव