मजिस्ट्रेट की निगरानी में अवैध शराब पर चला बुलडोजर, छह मामलों की 190 लीटर खेप नष्ट
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने की दिशा में नया भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। थाना परिसर में मजिस्ट्रेट की देखरेख में छह अलग-अलग मामलों में जब्त करीब 190 लीटर देशी व विदेशी शराब का विनष्टीकरण किया गया।
केटी न्यूज/डुमरांव
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने की दिशा में नया भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। थाना परिसर में मजिस्ट्रेट की देखरेख में छह अलग-अलग मामलों में जब्त करीब 190 लीटर देशी व विदेशी शराब का विनष्टीकरण किया गया।यह कार्रवाई पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट अंचल अधिकारी कुमार दिनेश की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्रक्रिया की शुरुआत जब्त शराब के भौतिक सत्यापन से हुई, जिसमें प्रत्येक कांड की सूची के आधार पर मात्रा और प्रकार का मिलान किया गया।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने सभी छह मामलों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बरामद शराब का ब्यौरा दिया। संतोषजनक मिलान के बाद निर्धारित नियमों के तहत शराब को नष्ट कर दिया गया।अधिकारियों ने बताया कि थाना क्षेत्र में शराब तस्करी, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जब्त मादक पदार्थों को न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप समय-समय पर नष्ट किया जाता है, ताकि उनके दुरुपयोग की आशंका समाप्त हो सके।

मजिस्ट्रेट कुमार दिनेश ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। वहीं थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने आमजनों से अपील की कि शराब से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

