महरौरा हत्याकांड, पत्नी ने पांच पर दर्ज कराया एफआईआर, कई बिंदुओं पर जांच कर रही है पुलिस

महरौरा हत्याकांड, पत्नी ने पांच पर दर्ज कराया एफआईआर, कई बिंदुओं पर जांच कर रही है पुलिस

- शनिवार की सुबह महरौरा स्कूल व तालाब के बीच से बरामद हुआ था शव, शरीर पर मिले थे चोट के निशान

केटी न्यूज/डुमरांव

महरौरा के ग्रहण राय हत्याकांड मामले में उसकी पत्नी पिंकी देवी ने पांच लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज कराया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस एफआईआर के अलावे कई बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है। सूत्रों की मानें तो जांच पूरी होने पर इस हत्याकांड में एक नया मोड़ आ सकता है। फिलहाल पुलिस अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है तथा कुछ भी बताने से परहेज कर रही है।

वही इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस किसी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि भी नहीं कर रही है। लेकिन ग्रामीण सूत्रों की मानें तो घटना के बाद पुलिस चार लोगों को हिरासत में ले पूछताछ कर रही है। बता दें कि महरौरा के माला राय के इकलौते पुत्र का शव शनिवार को सुबह महरौरा स्कूल व तालाब के पास मिला था। महरौरा का चर्चित शिव मंदिर भी उसी जगह स्थित है। उसके शरीर पर जख्म के निशान मिले थे। जिसके बाद उसकी हत्या किए जाने की बात परिजनों द्वारा कही जा रही थी। वही परिजनों ने इस मामले में पांच को नामजद किया है। 

मृतक के चरित्र का पड़ताल कर रही है पुलिस

सूत्रों की मानें तो मृतक नशे का आदि था। वह रात में अक्सर घर से बाहर रहता था। जानकार बताते है कि उसके साथ ही कुछ अन्य युवक भी रात में अपने घर में नहीं सोते थे, बल्कि वे लोग स्कूल की छत और शिव मंदिर के पास बने तालाब के किनारे सोने की बात घरवालों को बता रात में निकलते थे।

शुक्रवार की रात भी कुछ ऐसा ही हुआ था। ग्रहण रात में खाना खाने के बाद सोने के लिए निकला था। लेकिन सुबह में उसकी लाश मिली।

क्या कहते है एसडीपीओ

मृतक की पत्नी ने पांच के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराया है। पुलिस कई बिंदुओं पर गहराई से पड़ताल कर रही है। अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिला है। जल्दी ही इस मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।