100 लीटर देशी शराब के साथ दो महिला तस्कर समेत तीन गिरफ्तार, ई-रिक्शा जब्त

कोरानसराय पुलिस ने मंगलवार की सुबह वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 100 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ दो महिला समेत कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब की डिलीवरी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा वाहन को भी जब्त किया है।

100 लीटर देशी शराब के साथ दो महिला तस्कर समेत तीन गिरफ्तार, ई-रिक्शा जब्त

केटी न्यूज/डुमरांव

कोरानसराय पुलिस ने मंगलवार की सुबह वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 100 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ दो महिला समेत कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब की डिलीवरी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा वाहन को भी जब्त किया है। गिरफ्तार तस्करों में ई-रिक्शा चालक व डुमरांव के चतुरशालगंज निवासी सुरेन्द्र कुमार जबकि महिला तस्करों में डुमरांव थाना क्षेत्र के ही नोनियाडेरा गांव निवासी शारदा देवी पति बिरेन्द्र चौधरी व बचनी देवी पति सुभाष चौधरी शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार कोरानसराय पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब तस्कर एक ई-रिक्शा से शराब की खेप लेकर गुजरने वाले है। इस सूचना पर पुलिस ने थाना गेट के सामान डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।

इस दौरान डुमरांव की तरफ से एक ई-रिक्शा आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने रूकवा तलाशी ली तो सीट के नीचे बोरी में छिपाकर रखी गई शराब की खेप बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस ने चालक व उसमें सवार दोनों महिलाओं को हिरासत में ले पूछताछ शुरू किया। पुलिस की पूछताछ में दोनों महिला तस्करों व चालक ने तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब तस्करी रोकने के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रही है।