चेहल्लुम पर आयोजित हुआ परंपरागत खेल, जहानपुर विजयी

चेहल्लुम पर आयोजित हुआ परंपरागत खेल, जहानपुर विजयी

केटी न्यूज/केसठ 

प्रखंड के स्थानीय बजार में शुक्रवार को चेहल्लुम के मौके पर परंपरागत पैंतरेबाजी का खेल बाना बनैठी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन हुसैनी कमेटी केसठ के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। जिसमें काराकाट जहानपुर व नोखा श्रीखंडा की टीम के बीच परंपरागत हथियारों से विभिन्न तरह के करतब का मुकाबला हुआ। खेल प्रतियोगिता की शुरुआत कुरान की तिलावत के साथ किया गया। प्रतियोगिता में गदका, तलवारबाजी, बनैठी, बाना, लाठी सहित कई तरह के खेल का करतब दिखाया।

प्रतियोगिता के दौरान ग्रामीणों ने खेल का खूब आनंद उठाया। खेल प्रतियोगिता करीब दोपहर 11 बजे से शुरु हुई और शाम करीब 6 बजे तक चला। जिसमें जहानपुर की टीम को गदका, तलवारबाजी सहित अन्य खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने को ले निर्णायक मंडली ने विजयि घोषित किया। इससे पहले खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष विद्या भारती, केसठ मुखिया अरविन्द यादव उर्फ गामा पहलवान, बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा, रामपुर मुखिया प्रतिनिधि बसंत पांडेय, प्रमुख मुन्ना सिंह ने

संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत समिति सदस्य मो असलम व संचालन मो जिलानी खान, नसीर खान, गुड्डू सिंह और साबिर अली ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में दोनों टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। मौके पर नसार खान, मो मुस्तकीम, संतोष कुमार सहित कमिटी सदस्य शामिल रहे। वही हुसैनी कमिटी के द्वारा नया बाजार में ताजिया रखा गया था।