जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 105 शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश

जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।

जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 105 शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश

__ राजस्व और विकास से जुड़े 80 आवेदन पहुंचे, डीएम ने समय-सीमा में निष्पादन का दिया निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर।

जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। इस दौरान कुल 105 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व और विकास विभाग से संबंधित रहीं। राजस्व विभाग से जुड़ी 40 तथा विकास संबंधी 40 शिकायतें प्राप्त हुईं। वहीं, अन्य विभागों से संबंधित 25 आवेदन भी लोगों ने सौंपे। जनसुनवाई के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित विभिन्न प्रखंडों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

__ समय-सीमा में निपटानी होंगी शिकायतें

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही प्रत्येक मामले का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और नियमों का पालन अनिवार्य है। आवेदनों को केवल औपचारिकता तक सीमित रखने के बजाय उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जानी चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे शिकायतों पर गंभीरता से विचार करें और अनावश्यक विलंब से बचते हुए लोगों को राहत पहुंचाएं।जिला प्रशासन ने जनसुनवाई को आम जनता और प्रशासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।