बारिश ने छीन ली जिंदगी: मिट्टी की दीवार के मलबे में दबकर 80 वर्षीय वृद्ध की मौत

लगातार हो रही बारिश ने कोरानसराय थाना क्षेत्र के मुंगाव गांव में सोमवार की सुबह एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बारिश के कारण कमजोर हुई मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिसके मलबे में दबकर 80 वर्षीय वृद्ध हरेन्द्र सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बारिश ने छीन ली जिंदगी: मिट्टी की दीवार के मलबे में दबकर 80 वर्षीय वृद्ध की मौत

__ कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने कच्चे मकान को किया कमजोर, घर में बैठे वृद्ध पर अचानक भरभराकर गिरी दीवार; गांव में पसरा मातम

केटी न्यूज/डुमरांव

लगातार हो रही बारिश ने कोरानसराय थाना क्षेत्र के मुंगाव गांव में सोमवार की सुबह एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बारिश के कारण कमजोर हुई मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिसके मलबे में दबकर 80 वर्षीय वृद्ध हरेन्द्र सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मिली जानकारी के अनुसार, मुंगाव गांव निवासी हरेन्द्र सिंह, पिता स्व. हरिदयाल सिंह, सोमवार की सुबह करीब नौ बजे अपने घर में मौजूद थे। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण उनके घर की मिट्टी की दीवारें काफी कमजोर हो चुकी थीं। इसी दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। देखते ही देखते वृद्ध मलबे के नीचे दब गए।

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर मलबा हटाकर वृद्ध को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे ने परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया।ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण गांव में कई कच्चे और पुराने मकान जर्जर हो चुके हैं। ऐसे मकानों में रहने वाले परिवारों के बीच हर समय अनहोनी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जर्जर मकानों का सर्वे कराने तथा खतरे वाले घरों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही कोरानसराय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है।लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से कमजोर मकानों से दूर रहने और खतरा महसूस होने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।