बागीचे से रहस्यमय ढंग से गायब अधेड़ का शव कां‌व नदी से बरामद, हत्या या हादसा बना रहस्य

रक्षाबंधन की रात डुमरांव के हरनही रोड स्थित कैंब्रिज स्कूल के समीप बागीचे की रखवाली करने के दौरान रहस्यमय ढंग से लापता हुए 55 वर्षीय वकील पासी का शव सोमवार की सुबह हरनही ब्रह्म बाबा मंदिर के समीप कां‌व नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बागीचे से रहस्यमय ढंग से गायब अधेड़ का शव कां‌व नदी से बरामद, हत्या या हादसा बना रहस्य

__ रक्षाबंधन की रात से था लापता, हरनही ब्रह्म बाबा मंदिर के समीप नदी में उतराया मिला शव; कड़ा-पतलून से हुई पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

केटी न्यूज/डुमरांव

रक्षाबंधन की रात डुमरांव के हरनही रोड स्थित कैंब्रिज स्कूल के समीप बागीचे की रखवाली करने के दौरान रहस्यमय ढंग से लापता हुए 55 वर्षीय वकील पासी का शव सोमवार की सुबह हरनही ब्रह्म बाबा मंदिर के समीप कां‌व नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दो दिनों से पिता की तलाश में दर-दर भटक रहे परिजनों को जब नदी में उनका शव उतराया मिला तो घर में कोहराम मच गया। अधेड़ की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।बताया जाता है कि ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रहथुआ गांव निवासी वकील पासी पिछले करीब चार वर्षों से अपनी बेटी राबड़ी देवी के साथ डुमरांव के वार्ड 26 स्थित अवतार बंगाली की गली (पासी टोला) में रह रहे थे।

वह खेती-बारी समेत अन्य कामों में हाथ बंटाने के साथ हरनही रोड स्थित दीनानाथ प्रसाद के खेत और बागीचे की रात में रखवाली करते थे। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद वह बागीचे में गए थे। इसके बाद अचानक रहस्यमय ढंग से गायब हो गए।शनिवार को बेटी राबड़ी देवी जब खाना लेकर बागीचे में पहुंची तो वहां न तो पिता मिले और न ही उनका कोई सुराग मिला। कमरे में ताला लगा था और मुख्य गेट भी अंदर से बंद था। कमरे के बाहर टंगे बैग से चाबी मिलने के बाद भी वकील पासी का कहीं पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने डुमरांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से बागीचे की जांच भी कराई थी।

इसी बीच सोमवार की सुबह परिजन और मोहल्ले के कुछ लोग आशंका के आधार पर कां‌व नदी के किनारे उनकी तलाश कर रहे थे। तलाश करते हुए जैसे ही वे हरनही ब्रह्म स्थान के समीप पहुंचे, नदी के पानी में एक शव उतराया हुआ दिखाई दिया। शव पानी में पड़े रहने के कारण पूरी तरह फूल चुका था। मृतक के दाहिने हाथ में मिले कड़े और पतलून के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान वकील पासी के रूप में की।शव मिलने की सूचना तत्काल डुमरांव पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, एसआई गौतम कुमार, पुलिस पदाधिकारी मतेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम की निगरानी में शव को पानी से बाहर निकाला गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

__ शव देखते ही बेहोश हुईं बेटियां, मचा कोहराम

पिता का शव मिलते ही राबड़ी देवी समेत दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़ी बेटी राबड़ी देवी और छोटी बेटी अपने पिता का शव देखते ही बेसुध होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद परिजन और मोहल्ले के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। दो दिनों से जिस पिता को जिंदा देखने की उम्मीद में परिवार तलाश कर रहा था, उसका शव मिलने से पूरा परिवार सदमे में डूब गया।

__ पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

शव बरामद होने के बाद पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि वकील पासी नदी तक कैसे पहुंचे। क्या वह किसी हादसे का शिकार होकर नदी में गिरे या फिर उनकी मौत के पीछे कोई साजिश है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठाने का प्रयास किया जा रहा है।इधर, सूत्रों की मानें तो पुलिस को जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। हालांकि, पुलिस अभी इस संबंध में खुलकर कुछ बताने से परहेज कर रही है। ऐसे में वकील पासी की रहस्यमय मौत के पीछे हादसा है या हत्या, इसका जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।