देवल मोड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल

राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा–मोहनिया मुख्य मार्ग पर बुधवार की शाम सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना रामपुर स्थित देवल मोड़ के समीप उस समय हुई, जब सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

देवल मोड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल

केटी न्यूज/चौसा

राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा–मोहनिया मुख्य मार्ग पर बुधवार की शाम सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना रामपुर स्थित देवल मोड़ के समीप उस समय हुई, जब सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है।घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों की पहचान औरंगाबाद जिले के आजन थाना क्षेत्र निवासी रामप्यार राय के 35 वर्षीय पुत्र धनजीत राय तथा रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र के गोटपा गांव निवासी गोपाल राय के 40 वर्षीय पुत्र राजू राय के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार दोनों युवक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर आए थे। वहां से वे बाइक से मोहनिया के रास्ते अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर के देवल मोड़ के पास उत्तर प्रदेश की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो ने सामने से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।राजपुर थाना प्रभारी निवास कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। फरार बोलेरो चालक एवं वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।