चार साल के आर्यन की मौत से फूटा गुस्सा, गांववालों ने 20 किमी दौड़ाकर पकड़ी मौत की गाड़ी

धनसोई थाना क्षेत्र के परसिया गांव में शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम आर्यन कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे वाहन का ग्रामीणों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया और उसे पकड़ लिया।

चार साल के आर्यन की मौत से फूटा गुस्सा, गांववालों ने 20 किमी दौड़ाकर पकड़ी मौत की गाड़ी

__ परसिया में दर्दनाक हादसा, चालक फरार; मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम

केटी न्यूज/बक्सर

धनसोई थाना क्षेत्र के परसिया गांव में शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम आर्यन कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे वाहन का ग्रामीणों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया और उसे पकड़ लिया। हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।मृतक आर्यन कुमार परसिया गांव निवासी अजीत राम का पुत्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आर्यन खीरी रजवाहा मार्ग के किनारे मौजूद था, तभी तेज गति से गुजर रही पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे बेहतर इलाज के लिए सासाराम ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने लगा। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और युवकों ने कई बाइक से उसका पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए वे रोहतास जिले के दिनारा-बेलवईया क्षेत्र तक पहुंच गए, जहां पिकअप को रोक लिया गया। चालक वाहन छोड़कर भाग निकला, लेकिन ग्रामीण वाहन को अपने कब्जे में लेकर परसिया गांव वापस ले आए।मासूम की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गम और आक्रोश में बदल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खीरी रजवाहा नहर पथ पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।सूचना मिलने पर राजस्व पदाधिकारी रूपा कुमारी और धनसोई थाना प्रभारी विकास कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि जब्त पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक और मालिक की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में मासूम आर्यन की असमय मौत से शोक की लहर है।