सांप के डसने से मजदूर की मौत, पांच बच्चों का टूटा सहारा
नया भोजपुर थानाक्षेत्र के निषाद टोले में रविवार की रात एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। करैत सांप के डसने से 30 वर्षीय सुनील कुमार चौधरी की मौत हो गई। सुनील रोज़ी-रोटी के लिए कानपुर स्थित जेके सीमेंट फैक्टरी में मजदूरी करता था और कुछ दिनों की छुट्टी लेकर गांव आया हुआ था।

केटी न्यूज/डुमरांव

जानकारी के अनुसार, रात में सोते समय अचानक उसके कंधे पर सांप चिपक गया और डस लिया। घबराए सुनील ने शोर मचाया तो परिजन दौड़े और तत्काल प्रतापसागर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने एंटी वेनम इंजेक्शन दिया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
सुनील के निधन के बाद गांव में मातम पसर गया। वह अपने पीछे पांच छोटे बच्चों को छोड़ गया है। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुस्साए ग्रामीणों ने सांप को पकड़कर मार डाला।
घटना की सूचना पर सोमवार को स्थानीय विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह और नया भोजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। विधायक ने परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विधायक ने कहा कि समय पर इलाज और एंटी वेनम उपलब्ध होने के बावजूद कई बार जीवन नहीं बच पाता। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और सांप के डसने पर तुरंत नज़दीकी अस्पताल में पहुंचने की अपील की।
गांव में सुनील की असमय मौत की चर्चा हर किसी की जुबां पर है। गरीब मजदूर परिवार का सहारा टूटने से अब बच्चों के भविष्य को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं।