बनारपुर पैक्स में आज तय होगी नई कमेटी, 698 मतदाता करेंगे मतदान
बनारपुर पैक्स के लिए सोमवार को होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अध्यक्ष और प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए बनारपुर मध्य विद्यालय में एक मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान केंद्र पर चुनाव कर्मियों की प्रतिनियुक्ति के साथ बैलेट बॉक्स और अन्य आवश्यक चुनाव सामग्री पहुंचा दी गई है। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
केटी न्यूज/चौसा

इस चुनाव में पैक्स क्षेत्र के कुल 698 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जबकि सदस्य पद के लिए 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव के जरिए अध्यक्ष के अलावा प्रबंधकारिणी समिति के छह सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है। मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की सक्रियता भी बढ़ गई है।

प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मनोज पासवान ने बताया कि मतदान को लेकर सभी तैयारियां निर्धारित समय के अनुसार पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्र पर आवश्यक चुनाव सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्र पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम 4:30 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं, शाम 5:30 बजे सभागार भवन में मतगणना शुरू होगी। प्रशासन की ओर से मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जाएगी। चुनाव परिणाम के साथ ही बनारपुर पैक्स की नई कमेटी की तस्वीर भी साफ हो जाएगी।