बाइक व सोने की चेन के लिए एक और बेटी दहेज की बली, रस्सी से गला दबाकर विवाहिता की हत्या

बाइक व सोने की चेन के लिए एक और बेटी दहेज की बली, रस्सी से गला दबाकर विवाहिता की हत्या

केटी न्यूज/आरा

 शनिवार की रात दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी गयी। उसका शव रविवार की सुबह घर से बरामद किया गया। घटना जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में हुई। जहां बाइक और सोने की चेन के लिए रस्सी या तार से गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। मृत विवाहिता धरहरा गांव निवासी मुन्ना यादव की 26 वर्षीया पत्नी सुषमा कुमारी थी। रविवार सुबह को ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिल गयी और थानाध्यक्ष उदयभानु सिंह स्थानीय चौकीदार के साथ मौके पर पहुंच गये।

उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। बाद में एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह भी‌ घटनास्थल पहुंचे और अपने स्तर से छानबीन की। हत्या का आरोप उसके पति, जेठानी, ससुर और सास पर लगाया जा रहा है। उसे लेकर चारों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज करा दी गयी है। पुलिस द्वारा उसकी सास और ससुर को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

जगदीश पिपरा गांव निवासी भीम यादव ने बताया कि उसकी बहन सुषमा कुमारी की शादी  अप्रैल 2018 माह में धरहरा निवासी भगवान सिंह यादव के पुत्र मुन्ना यादव के साथ हुई थी। दो वर्ष बाद वर्ष 2020 में गवना हुआ था। उसके दो महीने बाद ही उसके पति सहित ससुराल वालों द्वारा दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। उसे लेकर मारपीट भी की जा रही थी। शनिवार की रात करीब नौ बजे उसने अपनी बहन से बात भी की थी। उसकी बहन नहीं रही और ससुराल वाले उसके शव का दाह-संस्कार करने जा रहे हैं। तब उसने पुलिस को सूचना दी और खुद भी पहुंचा।