गंगा में डूबे इंटर के छात्र का तीसरे दिन मिला शव, घर में कोहराम

गंगा में डूबे इंटर के छात्र का तीसरे दिन मिला शव, घर में कोहराम

- सिन्हा ओपी क्षेत्र के महुली घाट के पास गंगा से गुरुवार की सुबह बरामद हुआ शव

केटी न्यूज/आरा

जिले के सिन्हा ओपी क्षेत्र के महुली स्थित गंगा नदी में डूबे इंटर के छात्र की मौत हो गयी है। उसका शव गुरुवार की सुबह महुली स्थित गंगा नदी से बरामद किया गया। मृत छात्र मूल रूप से गड़हनी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी श्याम नारायण पासवान का 17 वर्षीय पुत्र करण कुमार था। फिलहाल वह आरा टाउन थाना क्षेत्र के इब्राहिम नगर में अपने मकान में परिवार के साथ रहता था। उसके पिता किसी फैक्ट्री में काम करते हैं। उसके नाना कामेश्वर राम दारोगा हैं और आरा नगर थाने में पोस्टेड हैं। शव मिलने पर ओपी इंचार्ज राजीव कुमार पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इधर, छात्र के नाना दारोगा कामेश्वर राम ने बताया कि करण कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार की दोपहर गंगा स्नान करने के लिए सिन्हा ओपी क्षेत्र के महुली घाट गया था।

वहां स्नान करने के दौरान वह गंगा में डूब गया। उसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी खोजबीन की गयी। लेकिन मंगलवार को उसका शव नहीं मिल पाया। उसके बुधवार को एसडीआरएफ की टीम बुलायी गयी। टीम बुधवार को पूरे दिन बोट के जरिए गंगा में उसे खोजती रही। परंतु शव नहीं मिला। इसी बीच गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने महुली के पास ही गंगा नदी में उसका शव तैरता देखा गया।ग्रामीणों की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद उसके शव को निकाला गया। इकलौते बेटे की मौत से मां रेणु देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। मंगलवार से ही बेहाल चल रही मां बेटे का शव मिलते ही बिलख उठी। बेटे के वियोग में वह बार-बार अचेत हो जा रही थी। दोनों बहनों के साथ घर के अन्य सदस्य भी बेहाल थे। भताया जाता है कि छात्र दो बहनों के बीच इकलौता भाई था।