राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होकर लौटे डुमरी मुखिया, ग्रामीणों व प्रतिनिधियों ने किया गाजेबाजे के साथ भव्य स्वागत

राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होकर लौटे डुमरी मुखिया, ग्रामीणों व प्रतिनिधियों ने किया गाजेबाजे के साथ भव्य स्वागत

- राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2023 के लिए केन्द्रीय टीम द्वारा किया गया था चयन

- मुखिया ने पुरस्कार का श्रेय पंचायत की जनता को दिया

केटी न्यूज/सिमरी

प्रखंड के डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेम सागर कुंवर राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2023 से सम्मानित हुए है। उन्हें यह पुरस्कार 17 अपै्रल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने हाथों दिया है। केन्द्रीय राजधानी नई दिल्ली से पुरस्कार व सम्मान पा लौटे डुमरी लौटे मुखिया का ग्रामीणों, राजनेताओं व पंचायत प्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया है। इस दौरान उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया गया। रविवार को गांव में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें पूर्व विधायक दिलमणी देवी, सिमरी प्रखंड के पूर्व प्रमुख सत्यनारायण दूबे, काजीपुर पंचायत के मुखिया इम्तियाज अंसारी, पूर्व मुखिया काजी उज्जैर आलम, भोजपुर जदीद पंचायत के पूर्व मुखिया बच्चन यादव समेत कई अन्य पंचायत प्रतिनिधियों, सैकड़ो ग्रामीणों तथा आस पास के गांवों से आए लोगों ने उन्हें सम्मानित करने के साथ ही इस पुरस्कार के लिए बधाई दिया है। पूर्व विधायक दिलमीणी देवी ने कहा कि डुमरी पंचायत की जनता बधाई की पात्र है जिसने इतने अच्छे व्यक्ति के हाथों में अपने पंचायत की बागडोर दी है। इनके बेहतर कार्यो से आज पूरे देश में डुमरी पंचायत का नाम रौशन हुआ है।

पूर्व विधायक ने पंचायत को विकसित पंचायत बनाने तथा आम जनता के हर सुख दुःख में तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि अन्य पंचायतों के प्रतिनिधियों को इनसे सीख लेना चाहिए। वही पूर्व प्रमुख सत्यनारायण दूबे ने कहा कि वे इस सम्मान के हकदार थे। कम समय में ही उन्होंने अपने पंचायत में विकास की गंगा बहाई है। आम जनता के सहयोग से सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतार तथा गांव को स्वच्छ व सुंदर बना ये अन्य पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों के लिए नजीर पेश कर रहे है। वही काजीपुर मुखिया इम्तियाज, पूर्व मुखिया काजी उज्जैर आलम, नया भोजपुर के पूर्व मुखिया बच्चन यादव समेत कई अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दिया है।

रेलवे स्टेशन पर गाजे बाजे के साथ किया गया स्वागत

जानकारी के अनुसार वे दिल्ली से सुबह करीब साढ़े पांच बजे डुमरांव स्टेशन पर उतरे। जैसे ही श्रमजीवी एक्सप्रेस से नीचे उतरे की वहा पहले से ही उनके समर्थक व पंचायत के दर्जनों लोग मौजूद थे। लोगों ने स्टेशन पर ही उन्हें फूल माला से लादने के साथ गाजे बाजे के साथ गांव तक ले गए। गांव में प्रवेश के साथ ही जगह जगह उनका स्वागत किया जा रहा था।

मुखिया ने पंचायत की जनता को दिया श्रेय

वही राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2023 से सम्मानित होने वाले डुमरी मुखिया प्रेम सागर कुंवर ने इसका श्रेय पंचायत की जनता को दिया है। उन्होंने कहा कि पंचायत की जनता के सहयोग तथा अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर तथा विकसित बनाने के संकल्पों के बदौलत ही उनका चयन इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए हो सका है। उन्होंने कहा कि उन्हें हर समय जनता का सहयोग मिलता है, जिससे उनका काम आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार के मिलने के बाद उनका उत्साह और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अपने पंचायत को देश का सबसे सुंदर व विकसित पंचायत बनाना है। इस लक्ष्य को पाने के लिए वे हर दिन कठिन परिश्रम कर रहे है। सम्मान समारोह के दौरान सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण व गणमान्य उपस्थित थे।