बक्सर में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण, दोनों पालियों में रही बेहतर उपस्थिति
इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 के तहत बक्सर जिले में आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजित की गई, जिससे प्रशासनिक तैयारियों की सराहना की जा रही है।
केटी न्यूज/बक्सर
इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 के तहत बक्सर जिले में आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजित की गई, जिससे प्रशासनिक तैयारियों की सराहना की जा रही है।प्रथम पाली में रसायन शास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 9,397 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 9,284 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 113 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया, जो परीक्षा की पारदर्शिता और अनुशासन को दर्शाता है।

इसी प्रकार द्वितीय पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा संपन्न हुई। इस पाली में कुल 14,157 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा निर्धारित थी, जिसमें 13,996 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। वहीं 161 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। द्वितीय पाली में भी किसी प्रकार की अनुशासनहीनता या कदाचार की सूचना नहीं मिली और निष्कासन की संख्या शून्य रही।जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं केंद्राधीक्षक की तैनाती की गई थी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों एवं उड़नदस्ता दल के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही थी।

जिला नियंत्रण कक्ष से पूरे दिन परीक्षा की मॉनिटरिंग की गई और समय-समय पर केंद्रों से रिपोर्ट प्राप्त की जाती रही।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न होने से छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है।कुल मिलाकर बक्सर जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का आयोजन सफल, व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।

