पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जयंती पर द एमिटी स्कूल ने 12 टॉपर्स व 6 अनाथ छात्रों की फीस की माफ
सोनवर्षा के द एमिटी स्कूल में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की जयंती के अवसर पर सराहनीय पहल करते हुए 12 मेधावी टॉपर छात्रों एवं 6 अनाथ छात्रों की स्कूल फीस माफ करने की घोषणा की है। यह निर्णय शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सत्र 2025-26 में एलकेजी से कक्षा 10वीं तक के 12 टॉपर छात्रों को सत्र 2026-27 के लिए 50 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक फीस में छूट दी गई है।

केटी न्यूज/नावानगर
सोनवर्षा के द एमिटी स्कूल में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की जयंती के अवसर पर सराहनीय पहल करते हुए 12 मेधावी टॉपर छात्रों एवं 6 अनाथ छात्रों की स्कूल फीस माफ करने की घोषणा की है। यह निर्णय शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सत्र 2025-26 में एलकेजी से कक्षा 10वीं तक के 12 टॉपर छात्रों को सत्र 2026-27 के लिए 50 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक फीस में छूट दी गई है। वहीं चयनित 6 अनाथ छात्रों को पूरी तरह निशुल्क शिक्षा देने का निर्णय लिया गया है।

विद्यालय के डायरेक्टर अमरेंद्र राजेश ने बताया कि यह योजना “नीजु सिंह फ्री एजुकेशन स्कीम फॉर टॉपर्स” एवं “हरेंद्र सिंह व शांति सिंह फ्री एजुकेशन स्कीम फॉर ऑर्फन” के तहत चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ाना विद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी शिक्षा और समाजसेवा के प्रतीक थे। उनकी जयंती पर इस तरह की पहल कर विद्यालय परिवार ने उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है। विद्यालय लगातार शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देता रहा है।

विद्यालय के अनुसार टॉपर छात्रों में विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों का चयन वार्षिक परीक्षा परिणाम के आधार पर किया गया है। इन छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। वहीं अनाथ छात्रों के चयन में पारदर्शिता बरती गई है ताकि जरूरतमंद बच्चों को लाभ मिल सके। इस अवसर पर विद्यालय के एकेडमिक कोऑर्डिनेटर, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे। विद्यालय की इस पहल की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।

