धनसोई में बंद मकान से मिला ज्वैलर्स का शव, इलाके में सनसनी

धनसोई बाजार में गुरुवार को एक बंद मकान से दुर्गंध उठने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दुर्गा मंदिर के समीप स्थित मकान का दरवाजा खुलवाने पर अंदर गलियारे में 40 वर्षीय आभूषण व्यवसायी संतोष सेठ का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक की पहचान खोचरिहा गांव निवासी श्रीराम सेठ के पुत्र संतोष सेठ के रूप में हुई है।

धनसोई में बंद मकान से मिला ज्वैलर्स का शव, इलाके में सनसनी

__ तीन दिनों से बंद था दरवाजा, दुर्गंध उठने पर ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना; ताला तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

केटी न्यूज/बक्सर।

धनसोई बाजार में गुरुवार को एक बंद मकान से दुर्गंध उठने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दुर्गा मंदिर के समीप स्थित मकान का दरवाजा खुलवाने पर अंदर गलियारे में 40 वर्षीय आभूषण व्यवसायी संतोष सेठ का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक की पहचान खोचरिहा गांव निवासी श्रीराम सेठ के पुत्र संतोष सेठ के रूप में हुई है। वह धनसोई बाजार में संतोष ज्वैलर्स नाम से आभूषण की दुकान चलाते थे। बंद मकान के अंदर शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

__ तीन दिनों से बंद था मकान, दुर्गंध से हुआ खुलासा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष सेठ दुर्गा मंदिर के समीप स्थित एक मकान में रहते थे। बताया जाता है कि पिछले तीन दिनों से मकान का दरवाजा नहीं खुला था। गुरुवार को वहां से गुजर रहे लोगों को मकान के आसपास तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके साथ ही मकान के पास स्थित नाली में तरल पदार्थ बहने की बात भी सामने आई। इससे लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना धनसोई थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मकान का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण मिस्त्री की मदद से ताला तुड़वाया गया। पुलिस जब अंदर दाखिल हुई तो गलियारे में संतोष सेठ का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। उनके मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन परिस्थितियों में उनकी मौत कैसे हुई, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

__ पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुराने सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

__ पत्नी की पहले हो चुकी है मौत

बताया जाता है कि संतोष सेठ की पत्नी की करीब एक वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उनकी छह वर्षीय बेटी अपने ननिहाल उनवास गांव में रहती है। आभूषण व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। बाजार के व्यवसायियों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा होती रही। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि संतोष सेठ की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।