वाहन चेकिंग के दौरान हथियार के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

वाहन चेकिंग के दौरान हथियार के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

- एक पिस्टल, पांच गोली, 51 हजार नगद, चार मोबाइल व एक बाइक बरामद

- आपराधिक वारदात को अंजाम देने जा रहे दोनों संदिग्ध

केटी न्यूज/आरा

जिले के नारायणपुर थाने की पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया। वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के क्रम में उनके पास से एक पिस्टल, पांच गोली, 51 हजार रुपए, चार मोबाइल और एक बाइक बरामद हुई। दोनों को वाहन चेकिंग के दौरान शनिवार की रात बनौली मोड़

के पास से गिरफ्तार किया गया। उनमें गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव निवासी रामाकांत सिंह का बेटा रामभरत सिंह और नहसी गांव निवासी अवधेश सिंह का बेटा मृत्युंजय सिंह उर्फ सुधांशु कुमार शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर रही है। 

एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ बनौली मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी पुलिस को देख बाइक सवार दो लोग भागने लगे। तब पुलिस ने दोनों को खदेड़ कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान हथियार और नगदी भी बरामद की गई। साथ ही एक बाइक भी जब्त की गई। एसपी ने बताया कि

दोनों से हथियार के बारे में पूछताछ की जा रही है। साथ ही, बाइक के संबंध में जानकारी ली जा रही है। साथ ही, दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।‌ इधर, हथियार की बरामदगी के मामले में दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और आपराधिक षड़यंत्र के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों के अवैध शराब के धंधे से जुड़े हैं। बरामद पैसे भी शराब के ही हैं। पुलिस उस आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।