ऑटो और बाइक की टक्कर में बक्सर के अधेड की सहित दो रिश्तेदारों की मौत, एक जख्मी

ऑटो और बाइक की टक्कर में बक्सर के अधेड की सहित दो रिश्तेदारों की मौत, एक जख्मी
अस्पताल में रोते बिलखते परिजन

केटी न्यूज/आरा

जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के आरा-मोहनियां हाईवे पर दुल्हीनगंज बाजार के समीप सोमवार की दोपहर ऑटो और बाइक में जोरदार टक्कर हो गयी। उसमें बाइक सवार भोजपुर और बक्सर के रहने वाले दो लोगों की मौत हो गयी। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार थे। मरने वालों में बक्सर जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र के कोपवां गांव निवासी बालेश्वर सिंह (60 वर्षीय) और भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र के अहपुरा गांव निवासी अजय सिंह का बेटा रौशन सिंह (26 वर्षीय) शामिल हैं। जख्मी कोपवां गांव निवासी बालेश्वर सिंह का 26 वर्षीय पुत्र ब्रजेश सिंह था। उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। हादसे में उसके पिता और साले की मौत हुई है। रौशन सिंह पेशे से चालक था और संदेश की गैस एजेंसी की गाड़ी चलाता था। 

तीन दिन पहले अपनी बहन के घर गया था रौशन 

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रौशन सिंह तीन दिन पूर्व किसी काम से अपनी बहन नेहा देवी के ससुराल बक्सर के कोपवां गांव गया था। सोमवार की दोपहर वह अपने जीजा ब्रजेश सिंह और उनके पिता बालेश्वर सिंह के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहा था। तभी दुल्हीनगंज बाजार के समीप सामने से आ रहे ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। उससे तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उसके बाद तीनों को आरा सदर अस्पताल लाया गया।‌ वहां डॉक्टरों ने रौशन सिंह और बालेश्वर सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तेज रफ्तार के कहर ने फिर दो घरों की खुशियां छीन ली। हादसे की खबर से एक साथ दोनों घरों में कोहराम मच गया। 

डेढ़ माह पहले रौशन की हुई थी शादी 

बताया जा रहा है कि हादसे के शिकार संदेश के अहपुरा गांव निवासी मृतक रौशन सिंह पेशे से चालक था। वह संदेश गांव स्थित एक गैस एजेंसी में गाड़ी चलाता था। उसकी शादी डेढ़ वर्ष पूर्व ज्योति के साथ हुई थी। उसे चार माह का एक पुत्र भी है। ऐसे हादसे में उसकी मौत से चार माह के मासूम से पिता का प्यार छीन गया, तो पत्नी ज्योति का सुहाग उजड़ गया। उसके परिवार में पत्नी व बेटे के अलावे भाई रोहित कुमार सिंह, राहुल कुमार सिंह, बहन नेहा देवी और निक्की कुमारी है। वहीं, बालेश्वर सिंह को दो पुत्री रूबी कुमारी, अनिता कुमारी और पुत्र ब्रजेश सिंह है। उनकी पत्नी निर्मला देवी की मौत कई वर्ष पूर्व हो गई थी।