जर्जर सड़क पर जल्द दौड़ेंगे वाहन, डुमरांव में 16.16 लाख से होगी मरम्मत

डुमरांव बाजार की जर्जर सड़क से परेशान लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-120 के क्षतिग्रस्त हिस्से की विशेष मरम्मत के लिए 16.16 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। वहीं, सड़क के स्थायी पुनर्निर्माण के लिए 15.04 करोड़ रुपये की नई निविदा भी निकाली गई है।

जर्जर सड़क पर जल्द दौड़ेंगे वाहन, डुमरांव में 16.16 लाख से होगी मरम्मत

__ एनएच-120 के बदहाल हिस्से को मिलेगी अस्थायी राहत, स्थायी निर्माण के लिए 15.04 करोड़ की नई निविदा जारी; 270 दिनों में सड़क बनाने का लक्ष्य

केटी न्यूज/डुमरांव। 

डुमरांव बाजार की जर्जर सड़क से परेशान लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-120 के क्षतिग्रस्त हिस्से की विशेष मरम्मत के लिए 16.16 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। वहीं, सड़क के स्थायी पुनर्निर्माण के लिए 15.04 करोड़ रुपये की नई निविदा भी निकाली गई है। ऐसे में लंबे समय से बदहाल सड़क से जूझ रहे स्थानीय लोगों को अब दोहरी राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक राहुल कुमार सिंह की पहल पर मरम्मत की अलग व्यवस्था किए जाने से स्थायी निर्माण शुरू होने तक सड़क की स्थिति सुधारने का रास्ता खुला है।

__ गड्ढों से मिलेगी राहत, अनुरक्षण के लिए अलग टेंडर

डुमरांव बाजार में एनएच-120 की खराब स्थिति लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त सतह के कारण वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बना रहता है। सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग लगातार उठती रही है।इसी समस्या को देखते हुए स्थायी निर्माण की प्रक्रिया से अलग विशेष एवं आकस्मिक मरम्मत के लिए निविदा जारी की गई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्रमंडल, गया के कार्यपालक अभियंता की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत यह टेंडर निकाला गया है। इसके अंतर्गत एनएच-120 पर डुमरांव बाजार में चेनज 240+200 से 245+450 तक सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए 16.16 लाख रुपये की अनुमानित राशि निर्धारित की गई है।निविदा के अनुसार, तकनीकी बिड पांच नवंबर को दोपहर 3:30 बजे खोली जाएगी। वित्तीय निविदा खोलने की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और एजेंसी के चयन के बाद मरम्मत कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा।

__ स्थायी निर्माण में देरी से बढ़ी थी परेशानी

डुमरांव बाजार की करीब 5.2 किलोमीटर लंबी सड़क के स्थायी पुनर्निर्माण के लिए पहले भी निविदा जारी की गई थी। हालांकि, विभागीय स्तर पर प्रक्रियागत त्रुटि के कारण उसे रद्द करना पड़ा। बताया गया कि 20 जुलाई को निविदा आमंत्रित की गई थी, लेकिन एक अगस्त को ही इसे खोल दिया गया। निर्धारित समय-सीमा से संबंधित इस चूक को टेंडर मूल्यांकन समिति ने गंभीर त्रुटि माना, जिसके बाद निविदा रद्द कर दी गई। इससे निर्माण प्रक्रिया प्रभावित हुई और सड़क की बदहाली दूर होने में देरी की आशंका बढ़ गई।अब सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 15.04 करोड़ रुपये की नई निविदा जारी की गई है। योजना के तहत निर्माण कार्य 270 दिनों यानी करीब नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण एजेंसी को सड़क बनने के बाद पांच वर्षों तक उसके अनुरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

__काम शुरू होने पर टिकी लोगों की निगाहें

स्थायी निर्माण में लगने वाले समय को देखते हुए अलग से मरम्मत का टेंडर जारी होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे नई सड़क बनने तक मौजूदा मार्ग की स्थिति सुधारने का अवसर मिलेगा। हालांकि, टेंडर जारी होने से तत्काल राहत मिलना सुनिश्चित नहीं है। इसके लिए एजेंसी का चयन, काम शुरू होने और मरम्मत की गुणवत्ता अहम होगी। अब डुमरांव के लोगों को इंतजार है कि कागजी प्रक्रिया जल्द पूरी हो और सड़क पर वास्तविक काम शुरू हो, ताकि बदहाल आवागमन से राहत मिल सके।