जनसुनवाई से लेकर मुफ्त सोलर तक, विकास योजनाओं की प्रगति पर प्रशासन का रिपोर्ट कार्ड
जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान सहयोग शिविर, पंचायत विकास दिवस, जनसुनवाई, टीबी मुक्त भारत अभियान, बसेरा 2.0, विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की उपलब्धियां साझा की गईं।

__ डीएम साहिला व एसपी शुभम आर्य ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, सहयोग शिविर, पंचायत विकास दिवस, टीबी उन्मूलन, बसेरा 2.0 और तालाब जीर्णोद्धार सहित कई योजनाओं की प्रगति बताई
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान सहयोग शिविर, पंचायत विकास दिवस, जनसुनवाई, टीबी मुक्त भारत अभियान, बसेरा 2.0, विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की उपलब्धियां साझा की गईं।जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक चार सहयोग शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 4598 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 3925 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है। वहीं, सात निश्चय-3 के अंतर्गत संचालित जनसुनवाई कार्यक्रम में अब तक 1758 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 837 का निष्पादन किया जा चुका है। आवेदक क्यूआर कोड के माध्यम से अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस का अगला आयोजन 26 जुलाई को होगा। इस बार का विषय "सुशासन युक्त पंचायत" रखा गया है, जिस पर ग्राम सभाओं में चर्चा कर विकास संबंधी प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 24 मार्च से 14 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में घर-घर मरीजों की खोज, डिजिटल एक्स-रे और आधुनिक जांच मशीनों के माध्यम से जांच की जा रही है। सभी अधिसूचित टीबी मरीजों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से सहायता दी जा रही है। साथ ही निक्षय मित्र योजना के तहत व्यक्ति, संस्था या जनप्रतिनिधि मरीजों को गोद लेकर पोषण सामग्री उपलब्ध करा सकते हैं।

अभियान बसेरा 2.0 के तहत जिले में 499 बंदोबस्ती प्रमाण पत्र वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक 192 प्रमाण पत्र तैयार किए जा चुके हैं। वहीं विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के तहत एक जुलाई से नौ जुलाई तक 858 जॉब कार्डधारी परिवारों को काम उपलब्ध कराया गया, जिससे 4557 मानव दिवस का सृजन हुआ। इस दौरान 1266 श्रमिकों के लिए कार्य सूची जारी की गई। जिले में इस वित्तीय वर्ष 3.26 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में 923 घरेलू उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। इनमें 156 घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हो चुके हैं और 129 लाभुकों को अनुदान मिल चुका है।

नवंबर 2026 तक 4129 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर निशुल्क सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अगले सप्ताह से प्रखंड स्तर पर जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे।प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत वरुण बेवरेजेज लिमिटेड द्वारा जिले के आठ तालाबों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इनमें गाद सफाई, गहराई बढ़ाने, तट सुदृढ़ीकरण, घाट निर्माण, सौर प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्य किए जाएंगे। वहीं एसएलएमजी बेवरेजेज द्वारा कंबल वितरण, स्वास्थ्य जांच शिविर, टीकाकरण, सड़क सुरक्षा जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

