मजदूर एकता के पुरोधा शरतचंद उपाध्याय को श्रद्धासुमन, संघर्षमय जीवन को किया याद

नगर के आईटीआई मैदान के समीप स्थित आवास पर मंगलवार को बिहार राज्य मोटर मजदूर यूनियन के संस्थापक तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय शरतचंद उपाध्याय की 22वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक माहौल के बीच मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक प्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए तथा उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

मजदूर एकता के पुरोधा शरतचंद उपाध्याय को श्रद्धासुमन, संघर्षमय जीवन को किया याद

__ 22वीं पुण्यतिथि पर जुटे सामाजिक व राजनीतिक लोग, कहा– उनकी विरासत आज भी प्रेरणास्रोत

केटी न्यूज/चौसा

नगर के आईटीआई मैदान के समीप स्थित आवास पर मंगलवार को बिहार राज्य मोटर मजदूर यूनियन के संस्थापक तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय शरतचंद उपाध्याय की 22वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक माहौल के बीच मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक प्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए तथा उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी पिंटू बाबा ने की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय शरतचंद उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन मजदूरों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। वे केवल एक राजनीतिक चेहरा नहीं थे, बल्कि समाज के कमजोर तबके की उम्मीद और भरोसे का नाम थे।

वक्ताओं ने कहा कि उस दौर में जब मजदूर वर्ग अपनी समस्याओं को लेकर बिखरा हुआ था, तब उन्होंने उन्हें संगठित करने का बीड़ा उठाया और बिहार मोटर मजदूर यूनियन की स्थापना की। उनके प्रयासों से हजारों मजदूरों को आवाज मिली, सम्मान मिला और अपने अधिकारों के लिए लड़ने की ताकत मिली। श्रमिकों के हित में उनके संघर्ष को आज भी लोग याद करते हैं।मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि स्वर्गीय शरतचंद उपाध्याय का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सिद्धांतों से समझौता किए बिना समाज सेवा की मिसाल पेश की। आज जरूरत है कि नई पीढ़ी उनके विचारों को जाने और सामाजिक न्याय के लिए आगे आए।

सभा में मौजूद अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज में ऐसे व्यक्तित्व विरले ही जन्म लेते हैं, जो राजनीति को सेवा का माध्यम बनाते हैं। स्वर्गीय उपाध्याय ने हमेशा गरीबों और मजदूरों की आवाज को बुलंद किया तथा जनहित को सर्वोपरि रखा।कार्यक्रम में बजरंगी मिश्रा, कामेश्वर पांडे, राजा पांडेय, धर्मवीर पहलवान, यूपी सिंह, अभिमन्यु सिंह, नितेश उपाध्याय, विकास राज, अरुण पहलवान, वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, चंदा देवी, शैलेश कुशवाहा, मनु सिंह आयुष, प्रीतम, रमेश राय, दीपक, काजू मिश्रा समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और मजदूर हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।