रहस्यमय ढंग से लापता हुआ किशोर, यूपी तक पहुंचा सुराग

बक्सर शहर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जासो रोड स्थित बाबा नगर से 14 वर्षीय किशोर के अचानक लापता होने का मामला अब रहस्य बनता जा रहा है। पुलिस जांच में नया मोड़ तब आया जब किशोर का अंतिम सीसीटीवी फुटेज उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में मिला। फुटेज में वह अकेले ट्रॉली बैग लेकर जाता दिखाई दे रहा है।

रहस्यमय ढंग से लापता हुआ किशोर, यूपी तक पहुंचा सुराग

--चंदौली में मिला अंतिम __ सीसीटीवी फुटेज, दो महिलाओं की गतिविधियों से बढ़ रहा है संदेह

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर शहर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जासो रोड स्थित बाबा नगर से 14 वर्षीय किशोर के अचानक लापता होने का मामला अब रहस्य बनता जा रहा है। पुलिस जांच में नया मोड़ तब आया जब किशोर का अंतिम सीसीटीवी फुटेज उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में मिला। फुटेज में वह अकेले ट्रॉली बैग लेकर जाता दिखाई दे रहा है। वहीं, घटना से पहले घर में दो संदिग्ध महिलाओं के प्रवेश की तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मामले को गंभीरता से जांच रही है।जानकारी के अनुसार, किशोर की मां बंटी कुमारी ने मुफ्फसिल थाना में आवेदन देकर बताया कि उनका परिवार मूल रूप से कुकुढा गांव का निवासी है और फिलहाल बाबा नगर में रह रहा है।

उन्होंने बताया कि 7 मई को वह किसी जरूरी काम से बाहर गई थीं, जबकि उनका पुत्र घर में अकेला था। कुछ देर बाद लौटने पर घर का दरवाजा खुला मिला और बेटा गायब था। आसपास खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।परिजनों ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। फुटेज में दो अज्ञात महिलाएं किराए के मकान में प्रवेश करती दिखाई दीं। लगभग पांच मिनट बाद दोनों महिलाएं बाहर निकलती हैं। इसके थोड़ी देर बाद किशोर ट्रॉली बैग और कुछ अन्य सामान लेकर घर से निकलता नजर आता है। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला।परिवार का कहना है कि किशोर बिना बताए कभी कहीं नहीं जाता था। ऐसे में परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। घटना के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस ने कांड संख्या 112/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने और किशोर के संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।मुफ्फसिल थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत ने बताया कि अब तक की जांच में किशोर के अकेले घर से निकलने की पुष्टि हुई है। चंदौली में मिला अंतिम फुटेज भी इसी ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।इधर, चाइल्ड हेल्पलाइन और जिला काउंसलिंग टीम ने भी परिवार से मुलाकात कर सहायता का भरोसा दिया है। चाइल्ड लाइन की सोनी कुमारी और हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।