नो एंट्री का जाम बना जानलेवा, खड़ी ट्रक में घुसी बाइक; कारा जवान जिंदगी से जंग में

चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लाधुपुर नारा के समीप मंगलवार की रात सड़क किनारे खड़ी ट्रक में तेज रफ्तार बाइक के पीछे से घुस जाने से बक्सर केंद्रीय कारा में तैनात गृह रक्षा वाहिनी का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

नो एंट्री का जाम बना जानलेवा, खड़ी ट्रक में घुसी बाइक; कारा जवान जिंदगी से जंग में

__ लाधुपुर मोड़ पर फिर हुआ बड़ा हादसा, अंधेरा और सड़क किनारे ट्रकों की कतार पर उठे सवाल

केटी न्यूज/चौसा

चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लाधुपुर नारा के समीप मंगलवार की रात सड़क किनारे खड़ी ट्रक में तेज रफ्तार बाइक के पीछे से घुस जाने से बक्सर केंद्रीय कारा में तैनात गृह रक्षा वाहिनी का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।घायल जवान की पहचान 25 वर्षीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के जमानिया का निवासी है। वह बक्सर केंद्रीय कारा में बिहार गृह रक्षा वाहिनी में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश अपने घर से ड्यूटी पर लौट रहा था।

इसी दौरान लाधुपुर नारा के पास मोड़ पर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से उसकी बाइक जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया।संयोग से उसी समय मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ गश्ती कर लौट रहे थे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायल जवान को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि दानी कुटिया के पास लागू नो एंट्री के कारण रात में भारी वाहनों की लंबी कतार सड़क किनारे लग जाती है। कई बार ट्रकों की लाइन मिश्रवलिया तक पहुंच जाती है। लाधुपुर नारा के पास सड़क में खतरनाक मोड़ है, ऊपर से पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह मार्ग धीरे-धीरे “हादसों का कॉरिडोर” बनता जा रहा है। लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर नियंत्रण, रात्रि गश्त बढ़ाने और हाईवे पर बेहतर लाइटिंग व्यवस्था की मांग की है।