महादेवा घाट पर तड़के मौत बनकर दौड़ा ट्रक, ट्रैक्टर में मारी टक्कर, चालक गंभीर
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर बुधवार की अहले सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऐसा कहर बरपाया कि ट्रैक्टर चालक की जिंदगी दांव पर लग गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा घाट के समीप करीब तीन बजे हुई भीषण भिड़ंत में ट्रक और ट्रैक्टर के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया।


__ झपकी बनी हादसे की वजह, आमने-सामने की टक्कर में दोनों वाहन चकनाचूर, चालक वाराणसी रेफर
केटी न्यूज/चौसा
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर बुधवार की अहले सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऐसा कहर बरपाया कि ट्रैक्टर चालक की जिंदगी दांव पर लग गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा घाट के समीप करीब तीन बजे हुई भीषण भिड़ंत में ट्रक और ट्रैक्टर के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया।घायल चालक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के मगराव गांव निवासी 44 वर्षीय सुमन राजभर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुमन किसी निजी कार्य से ट्रैक्टर लेकर बक्सर की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान चौसा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महादेवा घाट के पास सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग तेज आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल चालक के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने ट्रक और ट्रैक्टर दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक चालक को संभवतः झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गया।अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चालक को झपकी आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान करने में जुटी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद इलाके में तेज रफ्तार भारी वाहनों के संचालन को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

