शादी का झांसा दे लूटने वाले नकली दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार

शादी जैसे पवित्र रिश्ते को ठगी का जरिया बनाने वाले एक संगठित गिरोह का चौसा पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने नकली दुल्हन समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के कुछ सदस्य अब भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद और आभूषण बरामद किए गए हैं। आवश्यक पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

शादी का झांसा दे लूटने वाले नकली दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार

-- कोर्ट मैरिज से लेकर मंडप तक रची गई साजिश, नकदी और गहने लेकर फरार होती थी ‘दुल्हन’, कई राज्यों तक फैला नेटवर्क

केटी न्यूज/चौसा

शादी जैसे पवित्र रिश्ते को ठगी का जरिया बनाने वाले एक संगठित गिरोह का चौसा पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने नकली दुल्हन समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के कुछ सदस्य अब भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद और आभूषण बरामद किए गए हैं। आवश्यक पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई सामान्य ठगी नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ रचा गया जाल था, जिसमें नकली रिश्तेदारों की पूरी ‘फैमिली’ तैयार की जाती थी। दुल्हन, उसकी मां, भाई-बहन से लेकर अन्य रिश्तेदार तक सब किरदार निभाते थे, ताकि पीड़ित परिवार को किसी तरह का शक न हो।

-- पहले रिश्ता, फिर भरोसा और अंत में वार

मामले की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित परिवार को शादी के लिए एक लड़की का रिश्ता दिखाया गया। फरीदाबाद में रहने वाली एक महिला ने अपने पड़ोस के जरिए इस ‘रिश्ते’ की बात चलाई। इसके बाद फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और गिरोह के सदस्यों ने खुद को लड़की के परिजन बताकर विश्वास जीत लिया।गिरोह ने कोर्ट मैरिज और पारंपरिक शादी दोनों कराने का प्रस्ताव रखा। इसके बदले में नकद पैसे और गहनों की मांग की गई। भरोसे में आए परिवार ने सात अप्रैल को बक्सर पहुंचकर एक लॉज में ठहराव किया, जहां रात में दुल्हन से मुलाकात कराई गई।

-- कोर्ट से घाट तक, हर जगह रचा गया ड्रामा

अगले दिन कोर्ट में कागजी प्रक्रिया पूरी कर शादी का नाटक रचा गया। इसके बाद महादेवा घाट पर पारंपरिक शादी की रस्में भी कराई गईं। इस दौरान दुल्हन पक्ष ने मंगलसूत्र, पायल और अन्य खर्चों के नाम पर लगातार पैसे ऐंठे।पीड़िता रमा देवी के अनुसार, उनके देवर की शादी के नाम पर कुल 40 हजार रुपये नकद और गहने ले लिए गए। शादी पूरी होने के बाद जब परिवार दुल्हन को लेकर स्टेशन जा रहा था, तभी असली खेल सामने आया।

-- रास्ते में ‘अपहरण’ का ड्रामा, दुल्हन फरार

स्टेशन जाते समय कुछ लोग अचानक रास्ते में आए और दुल्हन को जबरन वाहन से उतार लिया। देखते ही देखते उसे बाइक पर बैठाकर फरार कर दिया गया। इस पूरी घटना को ऐसे अंजाम दिया गया, जैसे किसी ने दुल्हन का अपहरण कर लिया हो, ताकि शक और भ्रम की स्थिति बनी रहे।घटना के तुरंत बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक आरोपी को दबोच लिया, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा होता चला गया।

-- नकली रिश्तों का जाल, असली पहचान चौंकाने वाली

जांच में पता चला कि कथित दुल्हन पहले से शादीशुदा है और उसकी एक 13 वर्षीय बेटी भी है। उसका असली पति भी इस गिरोह का हिस्सा था और रिश्तेदार बनकर शादी में मौजूद रहता था।गिरफ्तार आरोपियों में दुल्हन की ‘नकली मां’, ‘भाई’, ‘बहन’ और अन्य सहयोगी शामिल हैं। सभी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं और लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहे थे।

-- फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें से 9 को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह कई जिलों और संभवतः अन्य राज्यों में भी सक्रिय हो सकता है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश किया जा सके।

-- सावधानी जरूरी

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी जैसे मामलों में पूरी जांच-पड़ताल करें, किसी भी अनजान व्यक्ति या रिश्ते पर तुरंत भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दे, ताकि समय रहते ठगी से बचा जा सके और ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।