रिहायसी इलाके में सीरियल विस्फोट से दहला ब्रह्मपुर, एक गिरफ्तार, एसपी कर रहे है मामले की जांच

रिहायसी इलाके में सीरियल विस्फोट से दहला ब्रह्मपुर, एक गिरफ्तार, एसपी कर रहे है मामले की जांच

- पटाखा बनाने के दौरान हुआ विस्फोट, एक जख्मी, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

- ब्रह्मपुर बिचला टोला मंे 33 वर्षों से अवैध तरीके से संचालित हो रहा था पटाखा फैक्ट्री, बेखबर रहा स्थानीय पुलिस

फोटो-

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

बुधवार को ब्रह्मपुर के रिहायसी इलाके में अचानक सीरियल विस्फोट होने से इलाके में हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों बाहर निकल भागने लगे। चारों ओर चिख पुकार मच गई। घटना सुबह 10.45 बजे ब्रह्मपुर बिचला टोला स्थित मो मुस्लिम के घर की है। बताया जाता है कि उनके घर में पिछले तीन दशक से अधिक समय से अवैध तरीके से पटाखा फैक्ट्री का संचालन हो रहा था। बुधवार को पटाखा बनाने के दौरान ही विस्फोट शुरू हो गया था। जिस कारण इलाके में अफरा तफरी मच गई। इस घटना में मो मुस्लिम का पुत्र मो शहजाद गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। जबकि घटना के बाद आरोपी अपने घर को अंदर से बंद कर लिया था। इधर घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी का घर खुलवाने का प्रयास करने लगी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसका घर खुलवाया। वही सूचना मिलते ही एसपी मनीष कुमार खुद ब्रह्मपुर पहुंच मामले की जांच में जुट गए है। पुलिस ने मो मुस्लिम को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से 15 पेटी पटाखा व पांच से छह बोरा विस्फोटक बरामद किया है। मौके पर एसएफएल टीम को बुलाने की तैयारी हो रही थी। इस घटना के बाद देर तक इलाके में हड़कंप मचा रहा। 

अवैध तरीके से संचालित हो रही थी फैक्ट्री

बता दें कि इस फैक्ट्री का संचालन अवैध तरीके से हो रहा था। प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपी ने यह स्वीकार किया कि उसके पास पटाखा बनाने का लाइसेंस नहीं है। जबकि वह 1990 से पटाखा बना रहा है। बताया जाता है कि जिस मोहल्ले में पटाखा फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह काफी घनी बस्ती है। ऐसे में रिहायसी इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री के संचालन से स्थानीय पुलिस व प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे है।

नया भोजपुर व पुराना भोजपुर में भी हो चुकी है ऐसी घटना

बता दें कि इसके पहले भी अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होते रहे है। कुछ वर्ष पहले नया भोजपुर ओपी थाना क्षेत्र के नया भोजपुर गांव में एक घर में पटाखा बनाने के दौरान ही विस्फोट होने से पूरा घर उड़ गया था। वही दो वर्ष पहले पुराना भोजपुर में पटाखा बनाने वाले एक कारीगर के हाथ में बम फटने से वह गंभीर रूप से झुलस गया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। गौरतलब है कि जब दीपावली नजदीक आती है तब प्रशासन द्वारा पटाखा निर्माताओं व विक्रेताओं के लिए लाइसेंस को अनिवार्य बताया जाता है। वही जानकार बताते है कि शादी विवाह के अवसर पर पटाखा की डिमांड के लिए पूरे साल अनुमंडल के कई इलाकों में अवैध तरीके से पटाखा का निर्माण किया जाता है। जिस पर प्रशासनिक चुप्पी कई सवाल खड़ी करती है।

कहते है एसपी

इस संबंध में एसपी मनीष कुमार ने बताया कि अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच के लिए एसएफएल की टीम को बुलाया गया है।