शिक्षा मंत्री ने किया नीट कोचिंग संस्थान का उद्घाटन, रक्तवीरों और मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
आईईएसएम (इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट) बक्सर के तत्वावधान में गुरुवार को मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में सम्मान समारोह सह उद्घाटन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईईएसएम बक्सर के चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।


__ पूर्व सैनिकों ने शहीद परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण देने की उठाई मांग, मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
केटी न्यूज/बक्सर
आईईएसएम (इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट) बक्सर के तत्वावधान में गुरुवार को मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में सम्मान समारोह सह उद्घाटन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईईएसएम बक्सर के चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी रहे। समारोह की शुरुआत मंत्री के स्वागत एवं सम्मान से हुई। डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय तथा आईईएसएम के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह, पौधा, अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने मां मुंडेश्वरी अस्पताल में संचालित होने वाले नीट कोचिंग संस्थान का विधिवत उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने 30 रक्तदाताओं (रक्तवीरों) तथा 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वीर नारियों एवं आईईएसएम बक्सर के वरिष्ठ सदस्यों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों ने शिक्षा मंत्री के समक्ष शहीद परिवारों के बच्चों एवं पूर्व सैनिकों की बेटियों को उच्च शिक्षा संस्थानों में नामांकन के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग रखी। मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा आईईएसएम बक्सर के जयघोष से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भीषण गर्मी के बावजूद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों की उपस्थिति ने सैनिक एकता और संगठन की मजबूती का परिचय दिया।मौके पर कैप्टन बी.एन. पाण्डेय, द्वारिका पाण्डेय, आर.बी. सिंह, श्रीनिवास सिंह, सुरेंद्र सिंह, भरत मिश्रा, बिनोद तिवारी, कमलेश्वर राय, हरिहर सिंह, चंद्रजीत सिंह, शाही भूषण ओझा, धनंजय दुबे, बलिराम मिश्रा, रामनाथ सिंह, ऊषा देवी, उर्मिला देवी, सुशीला देवी समेत सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

