बक्सर स्टेशन पर सक्रिय उचक्कों का गैंग बेनकाब, आरपीएफ-जीआरपी की त्वरित कार्रवाई में चार गिरफ्तार
रेलवे यात्रियों को निशाना बनाकर सक्रिय उचक्कों के एक गैंग का बक्सर स्टेशन क्षेत्र में पर्दाफाश हुआ है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है, जिससे कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
केटी न्यूज/बक्सर
रेलवे यात्रियों को निशाना बनाकर सक्रिय उचक्कों के एक गैंग का बक्सर स्टेशन क्षेत्र में पर्दाफाश हुआ है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है, जिससे कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के अनुसार, पहली कार्रवाई बक्सर स्टेशन के पूर्वी यार्ड में की गई, जहां एक यात्री का सामान चोरी कर भाग रहे दो उचक्कों को रंगे हाथ दबोच लिया गया।

इस दौरान जीआरपी प्रभारी विकास कुमार समेत संयुक्त टीम के जवान मौके पर मौजूद रहे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) निवासी मंगल (28) और भोजपुर के कोईलवर निवासी राम चंद्र माली (30) के रूप में हुई है। इनके पास से महिला का पर्स, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो ब्लेड बरामद किए गए।वहीं दूसरी कार्रवाई में ट्रेन संख्या 01144 में हुई चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। दानापुर कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद टीम ने बक्सर-आरा रेलखंड पर चेन पुलिंग कर भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य अपराधियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना साहिब निवासी राज कुमार (21) और दिल्ली के सीलमपुर निवासी फिरदौस आलम (40) के रूप में हुई है। इनके पास से एक मोबाइल फोन, 6,490 रुपये नकद और एक ब्लेड बरामद किया गया।पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह चलती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देता था और मौका मिलते ही चेन पुलिंग कर फरार हो जाता था। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

