ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार
बक्सर रेलवे स्टेशन और गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने खुलासा करते हुए एक सक्रिय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं।

__ सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, किराए के मकान से लग्जरी कार, लैपटॉप, स्मार्टफोन व अन्य कीमती सामान बरामद
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर रेलवे स्टेशन और गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने खुलासा करते हुए एक सक्रिय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं।आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में पाटलिपुत्र-एलटीटी एक्सप्रेस तथा अहमदाबाद एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में यात्रियों के बैग और कीमती सामान चोरी होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल ने जांच शुरू की और बक्सर स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक यात्रियों का ट्रॉली बैग लेकर स्टेशन परिसर से निकलता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की गई और खुफिया सूचना तंत्र को सक्रिय कर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसके बाद पुलिस को उसकी लोकेशन पांडेपट्टी इलाके के एक किराए के मकान में मिली।सूचना मिलते ही आरपीएफ की विशेष टीम ने उक्त मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हकीमपुर गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज कुमार गुप्ता और नगर थाना क्षेत्र के किला मैदान झोपड़पट्टी निवासी 21 वर्षीय अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।तलाशी के दौरान कमरे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने एक लग्जरी कार, सोने की चेन, दो ट्रॉली बैग, दो पिट्ठू बैग, आठ स्मार्टफोन तथा एक लैपटॉप जब्त किया है।

बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी सूरज कुमार गुप्ता के खिलाफ बक्सर टाउन थाना, औद्योगिक थाना, इटाढ़ी थाना तथा रोहतास जिले के बनास थाना सहित विभिन्न थानों में चोरी और लूट के दस से अधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

