बक्सर में धूमधाम से मनाई गई प्रो. एस.के. मिश्रा की 82वीं जयंती, सड़क नामकरण की उठी मांग

महान गणितज्ञ प्रो. एस.के. मिश्रा की 82वीं जयंती पर प्रो. एस.के. मिश्रा फाउंडेशन में दो दिवसीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आयोजित इस समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखते हुए कई कार्यक्रम संपन्न हुए।

बक्सर में धूमधाम से मनाई गई प्रो. एस.के. मिश्रा की 82वीं जयंती, सड़क नामकरण की उठी मांग

केटी न्यूज/बक्सर 

महान गणितज्ञ प्रो. एस.के. मिश्रा की 82वीं जयंती पर प्रो. एस.के. मिश्रा फाउंडेशन में दो दिवसीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आयोजित इस समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखते हुए कई कार्यक्रम संपन्न हुए।पहले दिन मेदांता अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रो. महेश दत्त सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि आईपीएस शैशव यादव रहे।

विशिष्ट अतिथि प्रो. कृष्णकांत सिंह ने प्रो. मिश्रा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर जिला स्तरीय कैरम प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।इस अवसर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मेदांता के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. श्रेयांस द्विवेदी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने 138 मरीजों की जांच की तथा सीपीआर और मानसिक स्वास्थ्य जांच भी की गई।दूसरे दिन आयोजित मुख्य समारोह में पूर्व आईपीएस एवं बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने समाहरणालय रोड का नामकरण प्रो. एस.के. मिश्रा रोड करने का आश्वासन दिया।

फाउंडेशन के सचिव डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सभा में मेजर डॉ. पी.के. पांडे सहित कई गणमान्य लोगों ने पौधरोपण किया।वक्ताओं ने प्रो. मिश्रा को युगपुरुष और अजातशत्रु बताते हुए उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को प्रेरणादायी बताया। पूर्व छात्रों ने उन्हें बक्सर की शान करार दिया। कार्यक्रम का संचालन रोहतासवी साहब ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. निर्मल कुमार सिंह ने दिया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।