
केटी न्यूज/डुमरांव
जदयू के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा के पहली बार डुमरांव आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।डुमरांव पहुंचते ही जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने सबसे पहले शहीद पार्क जाकर देश के वीर शहीदों को नमन किया। इसके बाद वे जदयू के विधानसभा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में डुमरांव विधायक राहुल सिंह भी मौजूद रहे।

प्रेसवार्ता के दौरान राजकुमार शर्मा ने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि नए और पुराने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाना ही पार्टी की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाने में मदद करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी में हर दिन नई जिम्मेदारियां मिलती हैं और हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।वहीं, डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने कहा कि नए जिलाध्यक्ष के स्वागत के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट हुए हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।इस मौके पर जदयू के वरिष्ठ नेता सीताराम सिंह, हरेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, लाला सिंह, धीरज कुमार, पप्पु सिंह, नथुनी खरवार, मनु सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।