इंस्टाग्राम चैट से शुरू हुआ विवाद, महिला के गायब होने पर चार लोगों पर केस
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के अचानक घर से लापता होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर से गायब हो गई, जिसके बाद उसके पति ने थाना पहुंचकर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।


--पति ने लगाया जेवर और बच्चों को साथ ले जाने का आरोप, पुलिस कर रही तलाश
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के अचानक घर से लापता होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर से गायब हो गई, जिसके बाद उसके पति ने थाना पहुंचकर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक 28 फरवरी को अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान देर रात उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर से कहीं चली गई।

घर लौटने पर पत्नी और बच्चों के नहीं मिलने से परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पीड़ित ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।थाने में दिए गए आवेदन में पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के गहने भी अपने साथ ले गई है। उसने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी की बातचीत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए सिमरी थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी एक युवक से होती थी। पति को आशंका है कि उसी युवक के साथ उसकी पत्नी बच्चों को लेकर चली गई है।

मामले में पति ने कथित युवक के अलावा अपनी साली, सास और ससुर को भी आरोपी बनाया है। उसका आरोप है कि इन सभी लोगों ने महिला को घर छोड़ने में सहयोग किया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं दोनों बच्चों के साथ महिला के गायब होने से परिवार काफी परेशान बताया जा रहा है।इस संबंध में कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है तथा महिला और बच्चों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

