एनएच-922 पर आम की खेप पर डाका, चालक को उतार बदमाश ले उड़े पिकअप

पटना–बक्सर एनएच-922 पर शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए आम से लदी पिकअप को कब्जे में लेकर लाखों रुपये की खेप पार कर दी। चौकियां गांव के समीप स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने चलती पिकअप को रोककर चालक को जबरन नीचे उतार दिया और वाहन लेकर फरार हो गए।

एनएच-922 पर आम की खेप पर डाका, चालक को उतार बदमाश ले उड़े पिकअप

__ बलिया से हाजीपुर जा रही गाड़ी को चौकियां के पास बनाया निशाना, सुनसान इलाके में उतारा माल, वाहन व बाइक लौटाकर फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म ।

पटना–बक्सर एनएच-922 पर शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए आम से लदी पिकअप को कब्जे में लेकर लाखों रुपये की खेप पार कर दी। चौकियां गांव के समीप स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने चलती पिकअप को रोककर चालक को जबरन नीचे उतार दिया और वाहन लेकर फरार हो गए। बाद में सुनसान स्थान पर आम की पूरी खेप उतारने के बाद अपराधियों ने पिकअप और उस पर लदी बाइक चालक को वापस सौंप दी तथा मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया से आम लादकर एक पिकअप हाजीपुर जा रही थी।

देर रात जैसे ही वाहन कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के चौकियां गांव के पास एनएच-922 पर पहुंचा, पहले से घात लगाए स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। विरोध करने पर चालक के साथ धक्का-मुक्की की गई और उसे सड़क किनारे छोड़कर बदमाश पिकअप लेकर फरार हो गए।बताया जाता है कि अपराधी वाहन को किसी सुनसान स्थान पर ले गए, जहां पिकअप पर लदे आम को उतार लिया। हालांकि वाहन पर मौजूद बाइक को उन्होंने हाथ नहीं लगाया। माल उतारने के बाद बदमाशों ने पिकअप और बाइक चालक के हवाले कर दी और फरार हो गए। इसके बाद चालक ने तत्काल कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही एनएच-922 और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है, जिसके आधार पर बदमाशों की पहचान का प्रयास तेज कर दिया गया है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई चल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।