बरामद सिक्सर का राज बरकरार, बाइक मालिक की गिरफ्तारी के बाद भी कई सवाल अनसुलझे
मुरार थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान बरामद अवैध सिक्सर मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ी है, लेकिन अब भी कई अहम सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। पुलिस ने जिस बाइक के पास से अवैध सिक्सर बरामद किया था, उसके मालिक रविन्द्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ की है।

__ बाइक मांगकर ले गया था युवक, पुलिस अब फरार आरोपितों की तलाश में जुटी
केटी न्यूज/चौगाईं
मुरार थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान बरामद अवैध सिक्सर मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ी है, लेकिन अब भी कई अहम सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। पुलिस ने जिस बाइक के पास से अवैध सिक्सर बरामद किया था, उसके मालिक रविन्द्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ की है। हालांकि पूछताछ में उसने खुद को इस पूरे घटनाक्रम से अलग बताते हुए नया खुलासा किया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार रविन्द्र कुमार यादव ने बताया है कि गांव के ही एक युवक ने जरूरी काम का बहाना बनाकर उससे बाइक मांगी थी। भरोसा कर उसने अपनी बाइक उसे दे दी थी।

इसी दौरान मुरार पुलिस की वाहन जांच और गश्ती अभियान के दौरान उक्त बाइक के पास से अवैध सिक्सर बरामद हुआ था। पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक भाग निकले थे।जांच में पुलिस ने फरार युवकों में से एक की पहचान कर ली है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। वहीं तीसरे युवक की शिनाख्त भी अभी तक नहीं हो पाई है। ऐसे में बरामद सिक्सर को लेकर रहस्य और गहराता जा रहा है।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अवैध सिक्सर आखिर उनके पास कैसे पहुंचा था, उसे कहां से लाया गया था और उसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।

फिलहाल पुलिस फरार युवकों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।उधर, इलाके में भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों की नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। आमजन यह जानना चाहते हैं कि बरामद हथियार के पीछे कोई आपराधिक साजिश थी या फिर मामला किसी अन्य गतिविधि से जुड़ा हुआ है। जब तक फरार आरोपित पुलिस गिरफ्त में नहीं आते, तब तक सिक्सर बरामदगी का यह मामला रहस्य और सवालों के घेरे में ही बना रहेगा।

