दुर्गापूजा पर बक्सर में ट्रैफिक का नया प्लान, पांच दिन कई रास्तों पर नो इंट्री

दुर्गापूजा-2026 के दौरान बक्सर शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पूजा के दौरान शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के उद्देश्य से कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और आंशिक रोक लगाई गई है।

दुर्गापूजा पर बक्सर में ट्रैफिक का नया प्लान, पांच दिन कई रास्तों पर नो इंट्री

__ 17 से 21 अक्टूबर तक दोपहर 12 बजे से रातभर लागू रहेगा प्रतिबंध, बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूरी रोक; पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग भी तय

केटी न्यूज/बक्सर।

दुर्गापूजा-2026 के दौरान बक्सर शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पूजा के दौरान शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के उद्देश्य से कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और आंशिक रोक लगाई गई है। यह व्यवस्था 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह तीन बजे तक प्रभावी रहेगी। वहीं, 17 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से 21 अक्टूबर की रात 12 बजे तक शहर में सभी प्रकार के बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

यातायात निर्देशों के अनुसार, ज्योति चौक से थाना चौक के बीच केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति मिलेगी। थाना चौक से नाथ बाबा पुल, पांडेयपट्टी रेलवे गुमटी से मठिया मोड़, थाना चौक से रामरेखा घाट होते हुए पीपी रोड और मठिया मोहल्ला पुल तक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। इसी तरह मुनीम चौक से जमुना चौक होते हुए ठठेरी बाजार के रास्ते थाना चौक तथा सिंडिकेट से जमुना चौक तक भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

__ चारपहिया, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए वैकल्पिक रास्ते

प्रशासन ने चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के परिचालन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। गोलंबर से बाईपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़ होते हुए दानी कुटिया तक तथा गोलंबर से ज्योति चौक, अंबेडकर चौक और इटाढ़ी गुमटी होते हुए वाहन जा सकेंगे। वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों का पालन करने की सलाह दी गई है।

__ छह जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था

वाहनों की पार्किंग के लिए सिंडिकेट के पास, डीएवी स्कूल, बुनियादी स्कूल, आईटीआई मैदान, रेलवे स्टेशन के बगल में समाहरणालय से रेलवे पटरी की ओर जाने वाली सड़क के दाहिनी तरफ तथा बाजार समिति में व्यवस्था की गई है। यहां चारपहिया वाहन, ऑटो रिक्शा और मोटरसाइकिल खड़ी की जा सकेंगी। वहीं, केवल दोपहिया वाहनों के लिए किला मैदान के पीछे पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

__ मरीजों को राहत, यात्रियों से टिकट साथ रखने की अपील

निर्देशों के मुताबिक, मरीजों, एंबुलेंस और अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों पर नो-इंट्री लागू नहीं होगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से घर से निकलते समय रेलवे टिकट साथ रखने की अपील की गई है। आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल नहीं करने का आग्रह किया गया है, ताकि पूजा के दौरान सड़कों पर भीड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके।