बक्सर स्टेशन का रेल डीएसपी ने किया औचक निरीक्षण, मचा हड़कंप

रेल डीएसपी कंचन राज ने शनिवार को बक्सर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। यूपी–बिहार सीमा पर स्थित इस संवेदनशील स्टेशन की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कई अहम निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और जीआरपी थाना समेत सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।

बक्सर स्टेशन का रेल डीएसपी ने किया औचक निरीक्षण, मचा हड़कंप

केटी न्यूज/बक्सर

रेल डीएसपी कंचन राज ने शनिवार को बक्सर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। यूपी–बिहार सीमा पर स्थित इस संवेदनशील स्टेशन की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कई अहम निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और जीआरपी थाना समेत सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।डीएसपी ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 से निरीक्षण की शुरुआत करते हुए यात्रियों से सीधे संवाद किया और सुरक्षा, सफाई व गश्ती व्यवस्था पर फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्लेटफॉर्म 1, 2 और 3 पर गश्ती, भीड़ नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए डीएसपी ने कंट्रोल रूम में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का आदेश दिया। साथ ही स्टेशन के प्रवेश व निकास द्वारों पर सघन जांच अभियान चलाने को कहा, ताकि तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। जीआरपी को ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाकर हर कोच की तलाशी लेने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के बाद जीआरपी थाना पहुंचकर डीएसपी ने लंबित मामलों की समीक्षा की और उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।

उन्होंने रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक घूमने वालों पर कार्रवाई करने को कहा।डीएसपी ने यूडी केस, रेल हादसों या ट्रैक के आसपास संदिग्ध घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमित औचक निरीक्षण जारी रखने की बात कहते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को हर हाल में मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।