डुमरांव स्टेशन की बदलेगी सूरत: आरपीएफ-जीआरपी की पहल से जाम और अव्यवस्था पर लगाम

डुमरांव रेलवे स्टेशन परिसर में लंबे समय से बनी जाम और अव्यवस्था की समस्या को लेकर अब सुरक्षा एजेंसियों ने सख्त रुख अपना लिया है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगने वाले जाम, बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है।

डुमरांव स्टेशन की बदलेगी सूरत: आरपीएफ-जीआरपी की पहल से जाम और अव्यवस्था पर लगाम

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव रेलवे स्टेशन परिसर में लंबे समय से बनी जाम और अव्यवस्था की समस्या को लेकर अब सुरक्षा एजेंसियों ने सख्त रुख अपना लिया है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगने वाले जाम, बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर की तस्वीर बदली हुई नजर आई।सुबह से ही रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस के जवान स्टेशन के एंट्री प्वाइंट पर तैनात रहे। जवानों ने सड़क किनारे और प्रवेश द्वार के आसपास खड़े वाहनों को हटवाया। खासकर ई-रिक्शा चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करें, ताकि यात्रियों के आवागमन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।अभियान का नेतृत्व आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार और जीआरपी थानाध्यक्ष मणिचंद्र पांडेय ने किया।

दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद जवानों को निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को नजरअंदाज नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि स्टेशन यात्रियों की सुविधा के लिए है, इसे अनधिकृत पार्किंग स्थल बनने नहीं दिया जाएगा।कार्रवाई के दौरान टिकट काउंटर के सामने जमा होने वाली भीड़ और वाहनों के कारण उत्पन्न जाम को भी नियंत्रित किया गया। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली। कई यात्रियों ने सुरक्षा बलों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अगर यही व्यवस्था नियमित रूप से बनी रही तो स्टेशन के बाहर लगने वाली जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है।बताया गया कि स्टेशन परिसर की स्थिति पर अब नियमित नजर रखी जाएगी। आरपीएफ और जीआरपी की ओर से संकेत दिया गया है कि अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई भी की जाएगी।हालांकि, चुनौती यह है कि व्यवस्था केवल अभियान तक सीमित न रह जाए। इससे पहले भी बड़े अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान स्टेशन की स्थिति सुधरती रही है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही हालात लौट आते थे। ऐसे में इस बार सुरक्षा एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी व्यवस्था को स्थायी बनाए रखने की है।अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन परिसर में नियमित अनाउंसमेंट कर यात्रियों और वाहन चालकों को नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।आरपीएफ और जीआरपी की इस संयुक्त कार्रवाई से फिलहाल डुमरांव स्टेशन पर व्यवस्था बेहतर होती दिख रही है। अब देखना होगा कि यह सुधार आने वाले दिनों में कितना स्थायी साबित होता है।