सिमरी थाना की कार्यप्रणाली का एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश
जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने गुरुवार को सिमरी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लेते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया।

केटी न्यूज/सिमरी
जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने गुरुवार को सिमरी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लेते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया।एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार तथा विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कांडों, वारंट और कुर्की से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान भूमि विवाद और जन शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान पुलिस की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन तथा गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की नसीहत दी।

पुलिस अधीक्षक ने उपलब्ध संसाधनों और थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम रखना भी है।निरीक्षण के अंत में एसपी ने दोहराया कि बक्सर पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

