20 मार्च को बक्सर में विशेष रोजगार शिविर, सैकड़ों पदों पर होगा चयन
जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में आगामी 20 मार्च को विशेष रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह शिविर संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड, बक्सर स्थित नियोजनालय परिसर में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक संचालित होगा। इस शिविर में विभिन्न निजी कंपनियां भाग लेकर अभ्यर्थियों का योग्यतानुसार स्थल पर ही चयन करेंगी।
केटी न्यूज/बक्सर
जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में आगामी 20 मार्च को विशेष रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह शिविर संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड, बक्सर स्थित नियोजनालय परिसर में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक संचालित होगा। इस शिविर में विभिन्न निजी कंपनियां भाग लेकर अभ्यर्थियों का योग्यतानुसार स्थल पर ही चयन करेंगी।शिविर में भाग लेने वाली प्रमुख कंपनियों में फाइव बीपीओ प्राइवेट लिमिटेड, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, ब्लिंकिट, एमआरएफ तथा टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।

फाइव बीपीओ कंपनी द्वारा कॉलिंग (आवक/जावक कॉल) कार्य हेतु 300 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है। उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक द्वारा संग्रह पदाधिकारी के 100 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें अभ्यर्थियों के लिए बाइक अनिवार्य होगी।इसी प्रकार ब्लिंकिट कंपनी द्वारा बिलिंग, पैकिंग एवं डिलीवरी कर्मियों के 100 पदों पर चयन किया जाएगा, जिसमें आठवीं पास अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। एमआरएफ कंपनी उत्पादन/ऑपरेटर के 150 पदों पर भर्ती करेगी, जबकि टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स द्वारा असेंबलर सहायक के 500 पदों पर चयन किया जाएगा।इन पदों के लिए वेतनमान लगभग 13,500 रुपये से 19,500 रुपये के बीच निर्धारित है। कुछ कंपनियों द्वारा कार्यस्थल पर भोजन एवं परिवहन की निःशुल्क सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का जिला नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी अब तक निबंधित नहीं हो सके हैं, वे राष्ट्रीय कैरियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा एवं आधार कार्ड के साथ शिविर में उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठा सकते हैं।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस विशेष रोजगार शिविर में भाग लेकर रोजगार के अवसर प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियुक्ति से संबंधित सभी शर्तों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे, जबकि नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदान करने की है।

