मैट्रिक परीक्षा में, कदाचार पर सख्त पहरा, डीएम-एसपी ने संयुक्त ब्रिफिंग में दी है जानकारी
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा 2026 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। 17 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, बक्सर में अधिकारियों की ब्रीफिंग कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-- 17 से 25 फरवरी तक मैट्रिक परीक्षा, 25,489 परीक्षार्थी होंगे शामिल
-- जूता-मोजा, मोबाइल और व्हाइटनर पर पूर्ण प्रतिबंध, 61 स्टैटिक दंडाधिकारी समेत भारी प्रशासनिक तैनाती
केटी न्यूज/बक्सर
वार्षिक माध्यमिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा 2026 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। 17 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, बक्सर में अधिकारियों की ब्रीफिंग कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिले में इस बार कुल 25,489 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा केंद्रों का मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पूर्व बंद कर दिया जाएगा। यानी प्रथम पाली के लिए प्रवेश सुबह 8.30 बजे से शुरू होकर नौ बजे बंद होगा, जबकि द्वितीय पाली में प्रवेश दोपहर एक बजे से शुरू होकर 1.30 बजे बंद कर दिया जाएगा।

-- 30 से अधिक परीक्षा केंद्र, हर स्तर पर निगरानी
बक्सर अनुमंडल में बक्सर हाई स्कूल (रामरेखा घाट), बीबी हाई स्कूल, नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय, राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय, एमवी कॉलेज, जननायक कर्पूरी ठाकुर लॉ कॉलेज शिवपुरी, संत मैरी उच्च विद्यालय, इंदिरा हाई स्कूल, केके मंडल महिला कॉलेज, पीसी कॉलेज, एलबीटी कॉलेज, केदारनाथ डिग्री कॉलेज सहित कई विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है।वहीं डुमरांव अनुमंडल में राज प्लस टू हाई स्कूल, महारानी उषा रानी गर्ल हाई स्कूल, लीजेंड पब्लिक स्कूल, सेठ जयपुरिया स्कूल, सुमित्र महिला कॉलेज, डीके कॉलेज, संत जोन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल समेत अन्य शिक्षण संस्थानों में परीक्षा होगी।परीक्षा संचालन के लिए 61 स्टैटिक दंडाधिकारी, 17 प्रश्न पत्र वितरण गश्ती दल दंडाधिकारी, 6 जोनल दंडाधिकारी और 4 सुपर जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। बक्सर और डुमरांव दोनों अनुमंडलों में दो-दो सुपर जोन बनाए गए हैं।

-- दो स्तर पर ली जाएगी तलाशी, महिला परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
परीक्षार्थियों की तलाशी दो स्तर पर की जाएगी। केंद्र के मुख्य गेट पर अनिवार्य फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी, जिसमें दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे। महिला परीक्षार्थियों के लिए महिला केंद्राधीक्षक एवं महिला वीक्षक की व्यवस्था की गई है।मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, स्मार्ट वॉच, मैगनेटिक वॉच, व्हाइटनर और इरेजर लाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। जूता-मोजा पहनकर आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति परीक्षा समाप्ति से पहले नहीं होगी, हालांकि प्राकृतिक आवश्यकता के लिए केंद्र परिसर के भीतर शौचालय जाने की छूट रहेगी।

-- होटल-लॉज पर नजर, फोटोस्टेट दुकानें रहेंगी बंद
इम्परसोनेशन और कदाचार पर अंकुश के लिए परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों के ठहराव स्थलोंकृहोटल एवं लॉजकृपर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। थानाध्यक्षों को संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई का आदेश मिला है।परीक्षा तिथियों में केंद्रों के आसपास की फोटोस्टेट दुकानों को परीक्षा समाप्ति तक बंद रखने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारियों को दिया गया है। सोशल मीडिया पर भी साइबर थाना और प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी।

-- ट्रैफिक, बिजली, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड अलर्ट मोड में
परीक्षा अवधि में ट्रैफिक जाम न हो, इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और यातायात पुलिस को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।जिला अग्निशमन पदाधिकारी को बक्सर मॉडल थाना और डुमरांव थाना में एक-एक अग्निशमन वाहन चालू हालत में रखने का निर्देश दिया गया है। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली सुनिश्चित करने का आदेश है।स्वास्थ्य विभाग को जिला नियंत्रण कक्ष, सदर अस्पताल बक्सर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरांव में एम्बुलेंस व चिकित्सक दल जीवनरक्षक दवाओं के साथ तैनात रखने को कहा गया है।

-- नियंत्रण कक्ष 24 घंटे रहेगा सक्रिय
समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा भवन में जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा। इसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग निखिल कुमार को बनाया गया है।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगा। प्रशासन की सख्ती से यह संदेश साफ है, बक्सर में इस बार मैट्रिक परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त माहौल में कराने की तैयारी मुकम्मल है।
